कारोबार
उपमुख्यमंत्री ने किया ईईकॉन 2026 लोगो-पोस्टर लाँच
रायपुर, 19 अगस्त। ईईएमएसी के अध्यक्ष नवल तिवारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ की इवेंट एवं एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देने की दिशा में इवेंट्स एंड एंटरटेनमेंट मैनेजमेंट एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ (ईईएमएसी) एक बड़ी पहल करने जा रहा है।
श्री तिवारी ने बताया कि एसोसिएशन के बहुप्रतीक्षित आयोजन ईईकॉन 2026 के आधिकारिक लोगो एवं पोस्टर का अनावरण प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने किया। ईईएमएसी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उपमुख्यमंत्री श्री साव को ईईकॉन 2026 की परिकल्पना और आयोजन के उद्देश्यों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि 18 एवं 19 सितंबर 2026 को द वाहे बैंक्वेट एंड रिसॉर्ट में आयोजित होने वाले दो दिवसीय ईईकॉन में छत्तीसगढ़ के साथ देश के विभिन्न राज्यों से इवेंट एवं एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से जुड़े प्रोफेशनल्स, उद्यमी, विशेषज्ञ और प्रतिनिधि शामिल होंगे।
श्री तिवारी ने बताया कि ईईकॉन 2026 की परिकल्पना केवल एक आयोजन के रूप में नहीं, बल्कि इवेंट एवं एंटरटेनमेंट सेक्टर से जुड़े लोगों के लिए ज्ञान, नवाचार, नेटवर्किंग और नए व्यावसायिक अवसरों के साझा मंच के रूप में की गई है। दो दिवसीय आयोजन के दौरान इंडस्ट्री से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद, ज्ञानवर्धक सत्र और विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श के माध्यम से बदलते इवेंट व्यवसाय, नई तकनीक, क्रिएटिविटी और इंडस्ट्री के भविष्य पर चर्चा की जाएगी।
श्री तिवारी ने बताया कि ईईएमएसी का प्रयास है कि ईईकॉन के माध्यम से छत्तीसगढ़ के स्थानीय इवेंट प्रोफेशनल्स को देश के दूसरे राज्यों के अनुभवी लोगों के साथ जुडऩे, अनुभव साझा करने और नए अवसर तलाशने का मंच मिले। ईईकॉन 2026 के माध्यम से प्रदेश की इवेंट इंडस्ट्री के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में वेडिंग एवं डेस्टिनेशन इवेंट्स की संभावनाओं को भी सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।