कारोबार

छत्तीसगढ़ में गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने हमारी प्रतिबद्धता और प्रयासों को केयर कैंसर इंस्टिट्यूट से मिलेगी मजबूती-साय
17-Aug-2026 2:47 PM
छत्तीसगढ़ में गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने हमारी प्रतिबद्धता और प्रयासों को केयर कैंसर इंस्टिट्यूट से मिलेगी मजबूती-साय

रामकृष्ण केयर में मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन

रायपुर, 17 अगस्त। रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल्स ने बताया कि छत्तीसगढ़ में कैंसर के मरीजों को बेहतर और अत्याधुनिक उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने केयर कैंसर इंस्टिट्यूट का उद्घाटन किया। इस अत्याधुनिक कैंसर संस्थान के शुरू होने से प्रदेश के मरीजों को कैंसर की जांच, सटीक निदान, सर्जरी, कीमोथेरेपी, रेडिएशन थेरेपी और अन्य जरूरी उपचार एक ही स्थान पर मिल सकेंगे।

हॉस्पिटल ने बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री  रमन सिंह; नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत; स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल; रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल्स के मेडिकल एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. संदीप दवे; एस्टर डीएम क्वालिटी केयर लिमिटेड के सीईओ-इंडिया - डॉ. पवन कुमार; रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल्स के डायरेक्टर महादेवन नारायणमोनी; ग्रुप मेडिकल डायरेक्टर प्रो. डॉ. सोमशेखर एस.पी.; रीजनल सीईओ हरीश त्रिवेदी और प्रेसिडेंट-सेल्स एवं मार्केटिंग शलभ डांग सहित वरिष्ठ डॉक्टर, अस्पताल प्रबंधन, स्वास्थ्यकर्मी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हॉस्पिटल ने बताया कि अभी छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों से कई मरीजों को विशेष कैंसर उपचार के लिए बड़े महानगरों का रुख करना पड़ता है। इलाज कई महीनों तक चलने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को बार-बार लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इससे उन पर शारीरिक और मानसिक दबाव के साथ आर्थिक बोझ भी बढ़ता है। नए केयर कैंसर इंस्टिट्यूट में सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, न्यूक्लियर मेडिसिन तथा प्लास्टिक एवं रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी के विशेषज्ञ एक साथ मिलकर मरीजों का उपचार करेंगे।

हॉस्पिटल ने बताया कि यहां मरीजों को जांच और निदान से लेकर ट्रीटमेंट प्लानिंग, सर्जरी, सिस्टमिक थेरेपी, रेडिएशन थेरेपी, क्रिटिकल केयर, सपोर्टिव केयर और पैलिएटिव केयर तक की सुविधाएं समन्वित तरीके से उपलब्ध होंगी। इंस्टिट्यूट में डे-केयर कीमोथेरेपी बेड, सटीक रेडिएशन थेरेपी के लिए वर्सा एचडी लीनियर एक्सेलेरेटर, बेहतर और सटीक जांच के लिए एआई-सक्षम पीईटी-सीटी मशीन, विशेष बोन मैरो ट्रांसप्लांट सुइट्स और ट्यूमर बोर्ड रूम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। मरीजों की रिकवरी और सुविधा को ध्यान में रखते हुए संस्थान के डिजाइन और वातावरण पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने बताया कि कैंसर पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ के लिए भी एक बढ़ती स्वास्थ्य चुनौती है। हमारी सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने, स्क्रीनिंग और शुरुआती जांच को बढ़ावा देने तथा प्रदेश के भीतर गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। केयर कैंसर इंस्टिट्यूट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं इस दिशा में हमारे प्रयासों को और मजबूती देंगी। इससे मरीजों को विशेषज्ञ जांच और उपचार अपने घर के नजदीक मिल सकेगा और उन्हें इलाज के लिए लंबी दूरी तय करने की जरूरत कम होगी।


अन्य पोस्ट