कारोबार

बॉब पर बाजार का सुदृढ़ विश्वास, हमारी वित्तीय मजबूती और स्पष्ट कार्यनीतिक दिशा दर्शाती-चांद
16-Aug-2026 2:31 PM
बॉब पर बाजार का सुदृढ़ विश्वास, हमारी वित्तीय मजबूती और स्पष्ट कार्यनीतिक दिशा दर्शाती-चांद

बैंक ऑफ बड़ौदा ने जुटाए 700 मिलियन यूएसडी

मुंबई, 16 अगस्त। बैंक ऑफ बड़ौदा ने बताया कि भारत के अंतरराष्ट्रीय बैंक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने अपने 4 अरब डॉलर के मध्यम अवधि के नोट कार्यक्रम के अंतर्गत, 3-वर्षीय और 5-वर्षीय वरिष्ठ असुरक्षित स्थिर दर वाले नोट्स के माध्यम से 700 मिलियन अमेरिकी डॉलर जुटाए हैं। गिफ्ट सिटी स्थित बैंक की अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र बैंकिंग इकाई द्वारा जारी किए गए इस निर्गम को निवेशकों से अच्छा प्रतिसाद मिला है और आदेश पुस्तिका 2.67 अरब डॉलर के अधिकतम स्तर तक पहुंची, जो पिछले निर्गम की तुलना में लगभग 3.8 गुना अधिक मांग को दर्शाती है।

बैंक ने बताया कि बैंक ने 3-वर्षीय किस्त के माध्यम से 400 मिलियन अमेरिकी डॉलर जुटाए, जिसका कूपन दर 5.114 प्रतिशत प्रति वर्ष था, जो 3-वर्षीय अमेरिकी राजकोषीय दर से 90 आधार अंक अधिक है। 5-वर्षीय किस्त के माध्यम से 5.318 प्रतिशत प्रति वर्ष की कूपन दर पर अतिरिक्त 300 मिलियन अमेरिकी डॉलर जुटाए गए, जो 5-वर्षीय अमेरिकी राजकोषीय दर से 100 आधार अंक अधिक है। मजबूत निवेशक मांग के चलते बैंक 3-वर्षीय किस्त के लिए 3-वर्षीय अमेरिकी राजकोषीय दर से 120 आधार अंक और 5-वर्षीय किस्त के लिए 5-वर्षीय अमेरिकी राजकोषीय दर से 130 आधार अंक की शुरुआती दरों के बाद दरों को काफी कम रखने में सफल रहा। बैंक ने अपने बॉन्ड जारी करने के इतिहास में अमेरिकी राजकोषीय दर पर अब तक का सबसे कम अंतर हासिल किया।

डॉ. देबदत्त चांद, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने बताया कि हमारे 700 मिलियन अमेरिकी डॉलर के बॉन्ड निर्गम को निवेशकों से मिली अभूतपूर्व प्रतिक्रिया, बैंक पर बाजार के सुदृढ़ विश्वास, हमारी वित्तीय मजबूती और स्पष्ट कार्यनीतिक दिशा को दर्शाती है। हमारे द्वारा उच्च-स्तरीय अंतरराष्ट्रीय निवेशकों की मजबूत भागीदारी के साथ-साथ हासिल की गई प्रतिस्पर्धी कीमत, हमारे वित्त पोषण आधार में विविधता लाने और हमारे व्यवसाय से जुड़ी दीर्घकालिक प्राथमिकताओं का समर्थन करने की हमारी क्षमता को सुदृढ़ बनाती है।

डॉ. चांद ने यह भी बताया कि एसएंडपी द्वारा इस निर्गम को बीबीबी (स्थिर), फिच द्वारा बीबीबी-माइनस (स्थिर) और केयरएज ग्लोबल द्वारा बीबीबी-प्लस (स्थिर) रेटिंग दी गई है। ये बॉन्ड इंडिया इंटरनेशनल एक्सचेंज (आईएफएससी) लिमिटेड (इंडिया आईएनएक्स), एनएसई इंटरनेशनल एक्सचेंज (एनएसई-आईएक्स) और सिंगापुर एक्सचेंज (एसजीएक्स-एसटी) पर सूचीबद्ध होंगे।


अन्य पोस्ट