कारोबार

केंद्र के कार्यालयों में हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन, प्रगामी प्रयोग और निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा हुई
14-Aug-2026 1:54 PM
केंद्र के कार्यालयों में हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन, प्रगामी प्रयोग और निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा हुई

बैंक-बीमा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 60वीं बैठक रही सफल

रायपुर, 14 अगस्त। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (बैंक) रायपुर ने बताया कि 60वीं बैठक का आयोजन संयोजक कार्यालय सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया, आंचलिक कार्यालय रायपुर द्वारा किया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष श्री राकेश भूतड़ा, अंचल प्रमुख एवं उप महाप्रबंधक ने की।

समिति ने बताया कि साथ ही भारतीय रिज़र्व बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर से महाप्रबंधक एवं प्रभारी अधिकारी श्री मनीष पराशर, नाबार्ड छ.ग. क्षेत्रीय कार्यालय से मुख्य महाप्रबंधक श्री दि. क. गवली, पंजाब नैशनल बैंक से अंचल प्रमुख एवं महाप्रबंधक श्री महेश वधवा एवं भारतीय जीवन बीमा निगम मंडल कार्यालय रायपुर से वरिष्ठ मंडल प्रबंधक श्री संजीव कुमार मालवी मंचासीन अतिथियों के रूप में उपस्थित रहें।

समिति ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार के कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन, प्रगामी प्रयोग तथा राजभाषा संबंधी निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा करना था। बैठक में संबंधित कार्यालयों द्वारा हिंदी में किए जा रहे कार्यों, राजभाषा नीति के अनुपालन तथा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। 24 सदस्य कार्यालयों के कार्यालय प्रमुख एवं राजभाषा अधिकारीगण उपस्थित रहें। सभी संस्थान प्रमुखों द्वारा कार्यालय में चल रहे राजभाषा हिंदी कार्यान्वयन की प्रगति पर विचार व्यक्त किए गए।

अध्यक्ष ने बताया कि राजभाषा हिंदी केवल कार्यालयीन कार्य की भाषा ही नहीं, बल्कि जनसंपर्क और जनसेवा को अधिक सहज एवं प्रभावी बनाने का माध्यम भी है। उन्होंने सभी कार्यालयों से आग्रह किया कि वे अपने दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने के साथ-साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करें।


अन्य पोस्ट