कारोबार

राष्ट्रभक्ति का महाअभियान प्रत्येक शहर, कस्बे और बाजार तक पहुंचाने कैट छत्तीसगढ़ ने किया आग्रह
07-Aug-2026 2:41 PM
राष्ट्रभक्ति का महाअभियान प्रत्येक शहर, कस्बे और बाजार तक पहुंचाने कैट छत्तीसगढ़ ने किया आग्रह

हर घर तिरंगा-हर दुकान तिरंगा की प्रदेशव्यापी तैयारी

रायपुर, 7 अगस्त। व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी,  विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी तथा शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि कैट छत्तीसगढ़ के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न व्यापारी संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

श्री पारवानी ने बताया कि बैठक में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी प्रतिनिधियों ने एक स्वर में अभियान को प्रदेश के प्रत्येक शहर, कस्बे एवं बाजार तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक व्यापारियों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस के पूर्व एवं उसके दौरान प्रदेश के सभी प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं व्यापारिक क्षेत्रों में तिरंगा ध्वज फहराने, दुकानों को राष्ट्रीय ध्वज से सजाने तथा नागरिकों को अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा लगाने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

श्री पारवानी ने बताया कि इसके साथ ही व्यापारी संगठन अपने-अपने क्षेत्रों में रैलियों, जागरूकता कार्यक्रमों एवं विभिन्न जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास करेंगे। बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने कहा कि भारतीय व्यापारी समाज केवल आर्थिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रहित और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी सदैव अग्रणी भूमिका निभाता आया है। यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना का उत्सव है।


अन्य पोस्ट