कारोबार
भव्य समागम उदया संपन्न, कर्मठ सदस्यों का सम्मान
रायपुर, 4 अगस्त। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (महिला प्रकोष्ठ) द्वारा गरिमामयी वार्षिक उत्सव स्वावलंबन से उदित-उदया का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। चैंबर के प्रमुख पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में सदस्यों ने अपने परिवार के साथ सहभागिता की।
महिला चेंबर ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्वलन एवं स्वागत समारोह के साथ हुआ। समारोह में महिला चैंबर द्वारा विगत एक वर्ष में किए गए सामाजिक, व्यावसायिक तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न कार्यों एवं गतिविधियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के दौरान सक्रिय सदस्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पूरे वर्ष लगन, निष्ठा एवं समर्पण भाव से कार्य करने वाली सक्रिय महिला सदस्यों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
महिला चेंबर ने बताया कि नए सदस्यों का आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही संगठन के आगामी विस्तार को ध्यान में रखते हुए नए दायित्वों एवं पदाधिकारियों की आधिकारिक घोषणा की गई। इस क्रम में मंजूषा परियल को वरिष्ठ सलाहकार का दायित्व सौंपा गया। समारोह में मनमोहक सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। इसके पश्चात पारिवारिक मिलन एवं आपसी परिचय सत्र आयोजित किया गया तथा सभी आमंत्रित सदस्यों ने रात्रि भोज का आनंद लिया।
महिला चेंबर ने बताया कि इस गरिमामयी अवसर पर चैंबर के संरक्षक एवं पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, प्रदेश अध्यक्ष सतीश थोरानी, प्रदेश महिला प्रभारी त्रिलोकचंद बरडिय़ा तथा महिला चैंबर की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ईला गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रदेश महामंत्री अजय भसीन, प्रदेश कोषाध्यक्ष निकेश बरडिय़ा, महिला चैंबर की प्रदेश महासचिव मनीषा तरवानी तथा प्रदेश कोषाध्यक्ष नम्रता अग्रवाल सहित सभी पदाधिकारियों की सक्रिय भूमिका रही।