कारोबार

आपसी परिचय, व्यापारिक सहयोग और संदर्भ आधारित संपर्क को सशक्त बनाने का संकल्प
04-Aug-2026 2:25 PM
आपसी परिचय, व्यापारिक सहयोग और संदर्भ आधारित संपर्क को सशक्त बनाने का संकल्प

युवा कैट के कार्यक्रम में आए पुलिस उपायुक्त

रायपुर, 4 अगस्त। युवा कैट के प्रदेश अध्यक्ष कांती पटेल, प्रदेश महामंत्री रतनदीप सिंह एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष भरत भूषण गुप्ता ने बताया कि युवा कैट छत्तीसगढ़ के मासिक व्यापारिक मिलन का आयोजन होटल सिमरन इंटरनेशनल, पंडरी में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) तारकेश्वर पटेल शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा उद्यमियों एवं व्यापारियों ने भाग लेकर आपसी परिचय, व्यापारिक सहयोग तथा संदर्भ आधारित व्यावसायिक संपर्क को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि तारकेश्वर पटेल ने बताया कि आज का सफल व्यापारी केवल व्यवसाय तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी ईमानदारी से निर्वहन करता है। उन्होंने व्यापारियों से साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने, डिजिटल लेन-देन में सतर्कता बरतने तथा कानूनों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं पारदर्शी व्यापारिक वातावरण बनाने की अपील की।

श्री पटेल ने बताया कि कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर पारवानी के नेतृत्व में युवा कैट द्वारा नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे मासिक व्यापारिक मिलन अत्यंत सराहनीय पहल हैं। ऐसे कार्यक्रम व्यापारियों के बीच संवाद, विश्वास, सहयोग और आपसी संपर्क को नई दिशा प्रदान करते हैं तथा युवा उद्यमियों को सीखने और आगे बढऩे का उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध कराते हैं।

श्री पटेल ने यह भी बताया कि व्यापारिक मिलन के दौरान विभिन्न उद्यमियों ने अपने-अपने व्यवसाय का परिचय देते हुए अपने उत्पादों एवं सेवाओं की जानकारी साझा की। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे के व्यवसाय को बढ़ावा देने, व्यावसायिक संदर्भ साझा करने तथा स्थानीय व्यापार को सशक्त बनाने की दिशा में सहयोग का संकल्प लिया।


अन्य पोस्ट