कारोबार

एचएनएलयू के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और कर्मचारियों का नशामुक्त जीवनशैली संकल्प
03-Aug-2026 2:24 PM
एचएनएलयू के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और कर्मचारियों का नशामुक्त जीवनशैली संकल्प

रायपुर, 3 अगस्त। हिदायतुल्लाह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एचएनएलयू), नवा रायपुर ने बताया कि  ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत जागरूकता एवं संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समन्वय विश्वविद्यालय की विधिक सहायता एवं सामाजिक सेवा समिति (एलएसएससी) द्वारा किया गया। यह पहल भारत सरकार के ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा स्वस्थ, जागरूक और सशक्त युवा पीढ़ी का निर्माण करना है, जो विकसित भारत की मजबूत नींव बन सके।

एचएनएलयू ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सुबह 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकगण एवं कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी ने नशामुक्त जीवन अपनाने, मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने तथा ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने की शपथ ली।

एचएनएलयू के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी. सी. विवेकानंदन ने बताया कि स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। विकसित भारत का निर्माण स्वस्थ, जागरूक और सशक्त युवाओं के बल पर ही संभव है। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून या प्रशासनिक कार्रवाई तक सीमित नहीं रह सकती। इसे जन-जागरूकता, व्यक्तिगत जिम्मेदारी और सामूहिक सामाजिक अभियान का रूप देना होगा। विश्वविद्यालयों की विशेष जिम्मेदारी है कि वे ऐसे युवा तैयार करें जो स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक बदलाव के प्रेरक बनें। उन्होंने छात्रों के बीच जागरूकता बढ़ाने तथा नशामुक्त, सशक्त और जागरूक भारत के निर्माण में एचएनएलयू की निरंतर प्रतिबद्धता दोहराई।


अन्य पोस्ट