कारोबार
सीटीआईएल और संयुक्त राष्ट्र एस्कैप के सहयोग से हुआ पूरा
रायपुर, 1 अगस्त। हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू), रायपुर ने ने बताया कि अपना पहला ट्रेडलैब (व्यापार प्रयोगशाला) प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक पूर्ण कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि अर्जित की है। यह परियोजना विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय व्यापार नीति तथा डिजिटल प्रशासन (डिजिटल गवर्नेंस) संबंधी शोध में बढ़ती सहभागिता का महत्वपूर्ण प्रमाण है। इस परियोजना का संचालन यूनाइटेड नेशंस इकनोमिक एंड सोशल कमीशन फॉर एशिया एंड द पैसिफिक (एस्कैप) तथा सेंटर फॉर ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट लॉ (सीटीआईएल), नई दिल्ली के सहयोग से किया गया। यह उपलब्धि वैश्विक महत्व के नीति-उन्मुख विधिक अनुसंधान के प्रति एचएनएलयू की प्रतिबद्धता को पुन: स्थापित करती है।
एचएनएलयू ने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत एचएनएलयू की शोध टीम ने निम्नलिखित दो महत्त्वपूर्ण क्षेत्रीय प्रकाशनों में योगदान दिया—डिजिटल व्यापार नियामकीय समीक्षा : दक्षिण एवं दक्षिण-पश्चिम एशिया, 2025 (डिजिटल ट्रेड रेग्युलेटरी रिव्यू फॉर साउथ एंड साउथ-वेस्ट एशिया, 2025)। क्षेत्रीय डिजिटल व्यापार एकीकरण सूचकांक (आरडीटीआईआई) 2.1 अर्थव्यवस्था प्रोफाइल, 2025 (रीजनल डिजिटल ट्रेड इंटीग्रेशन इंडेक्स - आरडीटीआईआई 2.1 इकोनॉमी प्रोफाइल्स, 2025), जिसमें बांग्लादेश, भूटान, भारत, मालदीव, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका तथा तुर्किये की अर्थव्यवस्थाओं का विश्लेषण किया गया है। ये दोनों प्रकाशन डिजिटल व्यापार नियामकीय एकीकरण (डिजिटल ट्रेड रेग्युलेटरी इंटीग्रेशन) पर आधारित एस्कैप-ईसीए-ईसीएलएसी पहल के अंतर्गत तैयार किए गए हैं।
एचएनएलयू ने बताया किइस पहल का नेतृत्व एस्कैप के व्यापार, निवेश एवं नवाचार प्रभाग (ट्रेड, इन्वेस्टमेंट एंड इनोवेशन डिवीजन) में आर्थिक मामलों की अधिकारी विटादा अनुकूनवाटाका तथा उनकी टीम ने किया। इन रिपोर्टों का विकास एचएनएलयू, रायपुर में संचालित ट्रेडलैब परियोजना के माध्यम से सेंटर फॉर ट्रेड एंड इन्वेस्टमेंट लॉ (सीटीआईएल), नई दिल्ली के सहयोग से किया गया। प्रकाशनों के प्रारंभिक प्रारूप का निर्माण सुश्री संजना रामनाथ, सुश्री ध्रुवी अग्रवाल तथा श्री गर्व अरोड़ा द्वारा किया गया, जबकि श्री सात्विक शेखर, डॉ. अंकित अवस्थी, श्री तथागत चौधरी तथा श्री समर्थ नायर ने इसमें महत्वपूर्ण शैक्षणिक योगदान दिया।