कारोबार
रायपुर, 30 जुलाई। चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने बताया कि रायपुर थोक होजियरी एवं रेडीमेड विक्रेता संघ द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विशाल रायपुर गारमेंट मेला 2026 (आरजीएफ-26) का गरिमामय एवं भव्य शुभारंभ संपन्न हुआ।
श्री थौरानी ने बताया कि मुख्य अतिथि वे थे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर इस बहुप्रतीक्षित मेले का विधिवत शुभारंभ किया। आयोजकों को बधाई दी और गारमेंट क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश दिया, रायपुर गारमेंट मेला केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि हमारे क्षेत्र के गारमेंट एवं होजियरी व्यापारियों के लिए संभावनाओं का एक सशक्त द्वार है। आज के प्रतिस्पर्धी दौर में ऐसे आयोजन स्थानीय व्यापार को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाते हैं।
श्री थौरानी ने बताया कि छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स हमेशा व्यापारियों के हितों की रक्षा, उनके व्यावसायिक कौशल को बढ़ावा देने और उन्हें सर्वोत्तम मंच प्रदान करने के लिए कटिबद्ध है। आरजीएफ-26 निश्चित रूप से प्रदेश के व्यापारिक परिदृश्य को एक नया आयाम और गति प्रदान करेगा। चेम्बर कार्यकारी अध्यक्ष एवं संघ के मार्गदर्शक जसप्रीत सिंह सलूजा ने बताया कि आरजीएफ-26 का आयोजन हमारी व्यापारिक एकजुटता और निरंतर प्रगति का प्रत्यक्ष प्रमाण है। हर वर्ष यह मेला नए आयाम स्थापित कर रहा है। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के मार्गदर्शन में हम व्यापारियों को एक ऐसा एकीकृत मंच देने में सफल रहे हैं, जहाँ नए रुझानों, बेहतरीन गुणवत्ता और सुलभ व्यापार का उत्कृष्ट संगम देखने को मिल रहा है।
रायपुर थोक होजियरी एवं रेडीमेड विक्रेता संघ के अध्यक्ष विनोद तलरेजा ने रायपुर गारमेंट मेले की रूपरेखा प्रस्तुत की और चेम्बर के शीर्ष नेतृत्व के प्रति गहरा आभार व्यक्त करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ के समग्र व्यापार जगत के संबल और हम सभी के मार्गदर्शक, चेम्बर के यशस्वी प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी का इस मंच पर आगमन हमारे लिए अत्यंत गौरव का विषय है। आपकी दूरदर्शी सोच, ओजस्वी नेतृत्व और व्यापारियों के प्रति आपकी निष्ठा ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है।