कारोबार
हैदराबाद, 23 जुलाई। एनएमडीसी ने बताया कि भारत की सबसे बड़े लौह अयस्क उत्पादक कंपनी एनएमडीसी ने शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए अपनी प्रमुख बालिका शिक्षा योजना (बीएसवाई) के अंतर्गत संपूर्ण प्रायोजित 200 नर्सिंग सीटों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। छत्तीसगढ़ के छह जिलों की पात्र अनुसूचित जनजाति (एसटी) की बालिकाओं से आवेदन आमंत्रित करते हुए प्रवेश अधिसूचना प्रकाशित की गई है।
एनएमडीसी ने बताया कि एनएमडीसी की निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत संचालित इस कार्यक्रम में बीएससी नर्सिंग के लिए 110 सीटें तथा जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (जीएनएम) के लिए 90 सीटें उपलब्ध कराई गई हैं। चयनित छात्राओं को पूर्णत: नि:शुल्क व्यावसायिक नर्सिंग शिक्षा प्रदान की जाएगी, जिसमें ट्यूशन फीस, छात्रावास, अध्ययन सामग्री, यूनिफॉर्म, परीक्षा शुल्क तथा अन्य सभी शैक्षणिक व्यय एनएमडीसी द्वारा वहन किए जाएंगे। यह योजना विशेष रूप से बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, कोंडागांव और नारायणपुर जिलों की उन अनुसूचित जनजाति (एसटी) की बालिकाओं के लिए है, जिनके परिवार की वार्षिक आय 72,000 से अधिक न हो।
एनएमडीसी ने बताया कि आवेदकों की आयु 17 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए नीट-2026 उत्तीर्ण होना अनिवार्य है, जबकि बीएससी नर्सिंग और जीएनएम दोनों पाठ्यक्रमों के लिए विज्ञान संकाय (भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान) तथा अंग्रेजी विषय के साथ 12वीं कक्षा में निर्धारित न्यूनतम अर्हता अंक प्राप्त होना आवश्यक है।
एनएमडीसी ने बताया कि चयनित छात्राएं देश के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे अपोलो स्कूल ऑफ नर्सिंग, हैदराबाद; अपोलो कॉलेज ऑफ नर्सिंग, चित्तूर; एसआरएम कॉलेज ऑफ नर्सिंग, चेन्नई; किम्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग, हैदराबाद तथा यशोदा कॉलेज ऑफ नर्सिंग, हैदराबाद में अध्ययन करेंगी।