कारोबार
119वें स्थापना वर्ष की थीम नेतृत्व भरोसे का
मुंबई, 22 जुलाई। भारत के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में शामिल बैंक ऑफ बड़ौदा ने बताया कि 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर भरोसे, नवाचार और सतत व्यावसायिक विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। बैंक ने स्थापना वर्ष की थीम नेतृत्व भरोसे का रखी है, जो सत्यनिष्ठा, नवाचार और समावेशन के साथ नेतृत्व करने के उसके दृष्टिकोण को प्रतिबिंबित करती है।
बैंक ने बताया कि यह थीम इस बात पर भी बल देती है कि विश्वास प्रत्येक ग्राहक संबंध की नींव है और भविष्य की प्रगति का आधार भी। इस अवसर पर बैंक ने तकनीक एवं डिजिटल नवाचार, खुदरा बैंकिंग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) बैंकिंग, सतत वित्तपोषण तथा वित्तीय समावेशन से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण पहलों की घोषणा की। वैश्विक ब्रांड दूत तथा स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि सचिन तेंदुलकर ने बैंक के नए बॉब वल्र्ड मोबाइल बैंकिंग अनुप्रयोग का शुभारंभ किया। इस अनुप्रयोग को अधिक सरल, सुरक्षित, तेज़ और व्यक्तिगत बैंकिंग अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से पूरी तरह नए स्वरूप में विकसित किया गया है।
बैंक ने बताया कि इसके साथ ही बैंक ने अपने वैश्विक क्षमता, नवाचार एवं परिवर्तन केंद्र आरोहण जीसीआईसी की भी शुरुआत की, जो तकनीक, अनुसंधान, डिजिटल परिवर्तन और नवाचार का रणनीतिक केंद्र होगा। यह केंद्र बैंक के तकनीक आधारित परिवर्तन को गति देने के साथ भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक बैंकिंग समाधान विकसित करेगा।
बैंक ने बताया कि अपने बुद्धिमान आभासी फ्रंट ऑफिस अदिति 2.0 का भी शुभारंभ किया। यह ग्राहकों को सहज संवाद के माध्यम से बहुभाषी और आवाज़ आधारित संवादात्मक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराएगा, जिससे ग्राहकों का बैंकिंग अनुभव और अधिक सुविधाजनक होगा।