कारोबार

स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सशक्तिकरण, भूख निवारण और सामुदायिक कल्याण का संकल्प
22-Jul-2026 2:53 PM
स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सशक्तिकरण,  भूख निवारण और सामुदायिक कल्याण का संकल्प

लायंस क्लब रायपुर प्रेरणा की नई टीम गठित

रायपुर, 22 जुलाई। लायंस क्लब रायपुर प्रेरणा ने बताया कि स्थापना समारोह, चार्टर डे उत्सव, लियो क्लब रायपुर प्रेरणा के शुभारंभ तथा प्रतिष्ठित चिकित्सकों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के सम्मान समारोह के साथ एक भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किया।

क्लब ने बताया कि समारोह में जिला गवर्नर लायन रिपुदमन सिंह पुंसरी मुख्य अतिथि एवं स्थापना अधिकारी के रूप में उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में लायन शैलेश अग्रवाल शामिल हुए, जबकि मुख्य वक्तव्य लायन त्रिलोक बराडिय़ा ने दिया। वरिष्ठ जिला पदाधिकारी लायन पपींदर कौर पुंसरी, लायन दिलशिरीन कौर पुंसरी, डॉ. अरविंद नेरल, मोहन छाबड़ा, ईश्वर अग्रवाल, डॉ. निरंजन हरितवाल, डी.आर. वधवानी, प्रेम शर्मा, मीनाक्षी कौशल, डॉ. संगीता नेरल एवं दिवाकर अवस्थी सहित विभिन्न लायंस क्लबों के अध्यक्ष, पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि और आमंत्रित अतिथि उपस्थित रहे।

क्लब ने बताया कि जिला गवर्नर ने वर्ष 2026-27 के लिए लायंस क्लब रायपुर प्रेरणा की नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। नई टीम में डॉ. संयुक्ता गांधी को अध्यक्ष, नवनीत कौर ग्रेवाल को सचिव, सत्येंद्र सिंह को संयुक्त सचिव, डॉ. स्मिता प्रेमानंद को कोषाध्यक्ष तथा मनोज शुक्ला को संयुक्त कोषाध्यक्ष बनाया गया। अध्यक्ष डॉ. संयुक्ता गांधी ने सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए पूर्व अध्यक्ष सुजाता अग्रवाल के योगदान की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं युवा सशक्तिकरण, भूख निवारण तथा सामुदायिक कल्याण के क्षेत्रों में प्रभावी सेवा परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने वर्ष भर साझेदारी और युवा नेतृत्व को प्राथमिकता देने की बात भी कही।

क्लब ने बताया कि कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण लियो क्लब रायपुर प्रेरणा  का शुभारंभ रहा, जो जिले का पहला ऐसा लियो क्लब है जिसमें 20 अंतरराष्ट्रीय सदस्य शामिल हैं। क्लब का नेतृत्व लियो अध्यक्ष सायबह एच. मुल्बाह करेंगे। उनके साथ लियो ओप्रा एल. एन. रॉबर्ट्स को उपाध्यक्ष, लियो मॉरिस एच. कोली को सचिव तथा लियो वेडलुकलिन हार्मन को कोषाध्यक्ष बनाया गया।


अन्य पोस्ट