कारोबार
रायपुर विकास प्राधिकरण वेबसाइट से
रायपुर, 8 जुलाई। रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री नंदे साहू ने बताया कि आर.डी.ए. ने अपनी संपत्तियों की बुकिंग प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब आम नागरिक बिना किसी कार्यालय के चक्कर लगाए घर बैठे ही आर. डी. ए. की वेबसाइट https://rdaraipur.cgstate.gov.in/ के माध्यम से पारदर्शी एवं सरल प्रक्रिया के तहत संपत्तियों के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं बुकिंग कर सकेंगे।
श्री साहू ने बताया कि आर.डी.ए. द्वारा फिलहाल लगभग 121 संपत्तियों को ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध कराया गया है। इनमें कमल विहार एवं रावभाटा सहित प्राधिकरण की प्रमुख आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं की संपत्तियां शामिल हैं। कमल विहार में आवासीय फ्लैट्स तथा आवासीय एवं व्यावसायिक भूखंड उपलब्ध हैं, जबकि रावभाटा में व्यावसायिक संपत्तियां बुकिंग के लिए उपलब्ध हैं।
श्री साहू ने बताया कि इसके अलावा, प्राधिकरण द्वारा कमज़ोर एवं निम्न आय वर्ग के हितग्राहियों के लिए भी आवासीय संपत्तियों का निर्माण किया गया है, ताकि प्रत्येक वर्ग के नागरिकों को उनकी आवश्यकता एवं सामर्थ्य के अनुरूप आवास उपलब्ध कराया जा सके। इच्छुक आवेदक अपनी सुविधा के अनुसार उपलब्ध संपत्तियों की जानकारी प्राप्त कर वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन एवं बुकिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
श्री साहू ने बताया कि संपत्तियों की ऑनलाइन बुकिंग के साथ-साथ अब हितग्राही घर बैठे ही वेबसाइट के माध्यम से मेंटेनेंस चार्ज का ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे, जिससे नागरिकों को कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी और सेवाएं अधिक सुविधाजनक एवं समयबद्ध बनेंगी। प्राधिकरण का उद्देश्य आम नागरिकों को आधुनिकए पारदर्शी और जनहितैषी सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था से लोगों का समय बचेगा, प्रक्रिया अधिक सरल होगी तथा संपत्तियों के आवंटन में पारदर्शिता और सुगमता सुनिश्चित होगी। साथ ही ऑनलाइन भुगतान जैसी डिजिटल सुविधाओं से नागरिकों को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं प्राप्त होंगी।
सी.ई.ओ. अवनीश कुमार शरण ने बताया कि लंबे समय से संपत्तियों की बुकिंग प्रक्रिया बंद थी। उपलब्ध सभी संपत्तियों को एक साथ ऑनलाइन पोर्टल पर लाइव कर दिया गया है।