कारोबार
बालको प्राइड मंथ अभियान में 2000+ शामिल
बालकोनगर, 7 जुलाई। वेदांता एल्यूमिनियम मेटल लिमिटेड की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड ने बताया कि कंपनी ने एक माह तक प्राइड मंथ अभियान चलाया। इस अभियान के माध्यम से कंपनी ने विविध, समानतापूर्ण एवं समावेशी कार्यस्थल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और सशक्त किया। इस अभियान में 2,000 से अधिक कर्मचारियों, व्यावसायिक साझेदार एवं समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया। अभियान के अंतर्गत जागरूकता सत्र, कर्मचारी सहभागिता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएँ, वित्तीय साक्षरता कार्यशालाएँ, कर्मचारियों की प्रेरक कहानियाँ, क्विज़ तथा प्राइड मार्च का आयोजन किया गया।
बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने बताया कि बालको में हम विविधता को अपनी सबसे बड़ी शक्ति मानते हैं और समावेशन को एक उच प्रदर्शन वाले संगठन की आधारशिला समझते हैं। हमारा विश्वास है कि प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान के साथ योगदान देने, सीखने और आगे बढऩे का समान अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि हमारी प्रतिबद्धता केवल प्रगतिशील नीतियों तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे कार्यस्थल का निर्माण करना है जहाँ सम्मान, समान अवसर और अपनत्व प्रत्येक कर्मचारी के दैनिक अनुभव का हिस्सा हों। वर्तमान में हमारे कार्यबल में 21 ट्रांसजेंडर कर्मचारी कार्यरत हैं और आने वाले वर्षों में हम उनकी भागीदारी को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इनके माध्यम से एलजीबीटीक्यूआई प्लस समुदाय के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सहयोग, सम्मान और अपनत्व की संस्कृति को प्रोत्साहित किया गया। बालको ने ट्रांसजेंडर कर्मचारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कई नीतियाँ लागू की हैं।