कारोबार

लैंगिक संवेदनशीलता जिंदगी का अभिन्न अंग, शैक्षणिक उत्कृष्टता संग मानवीय मूल्य आत्मसात करें-विवेकानंदन
07-Jul-2026 2:48 PM
लैंगिक संवेदनशीलता जिंदगी का अभिन्न अंग, शैक्षणिक उत्कृष्टता संग मानवीय मूल्य आत्मसात करें-विवेकानंदन

एचएनएलयू में रिकॉर्ड प्रवेश, इंडक्शन शुरु

रायपुर, 7 जुलाई। हिदायतुल्लाह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एचएनएलयू), रायपुर में शैक्षणिक सत्र 2026 के नए बैच के लिए सप्ताहभर चलने वाले इंडक्शन प्रोग्राम का शुभारंभ ज्यूरिस्ट्स स्पीक शीर्षक वाले विशेष सत्र के साथ हुआ। इसके साथ ही नवप्रवेशी विद्यार्थियों के ओरिएंटेशन कार्यक्रम के डे-ज़ीरो की औपचारिक शुरुआत भी हुई।

नवप्रवेशी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एचएनएलयू के कुलपति प्रो. वी. सी. विवेकानंदन ने विद्यार्थियों से विविधता को अपनाने, लैंगिक संवेदनशीलता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित न रहकर मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया। रूल ऑफ लॉ केवल कानून की धाराओं का संग्रह नहीं, बल्कि एक ऐसा मूल्य है जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा, रूल ऑफ लॉ की प्रैक्टिस करने से पहले उसे अपने जीवन में जीना सीखिए। उन्होंने सफलता का वास्तविक पैमाना केवल पेशेवर उपलब्धियों या बड़े मुकदमों को नहीं, बल्कि न्याय के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने को बताया।

डिस्टिंग्विश्ड ज्यूरिस्ट प्रोफेसर, नालसार यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ, हैदराबाद तथा नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, दिल्ली के संस्थापक कुलपति प्रो. (डॉ.) रणबीर सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि विधि शिक्षा ने साधारण परिवारों के युवाओं को भी असाधारण उपलब्धियाँ हासिल करने का अवसर दिया है। पहले लोग संयोगवश विधि शिक्षा की ओर आते थे, जबकि आज नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज़ के कारण यह युवाओं के लिए एक जागरूक विकल्प और करियर की पहली पसंद बन चुकी है। उन्होंने वर्तमान कुलपति के नेतृत्व में एचएनएलयू की उल्लेखनीय प्रगति की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और विश्वविद्यालय के वर्षों को आत्म-विकास एवं पेशेवर उत्कृष्टता की यात्रा बनाने का आग्रह किया।

एचएनएलयू ने बताया कि विद्यार्थियों और अतिथि वक्ताओं के बीच रोचक संवाद सत्र हुआ। प्रभारी कुलसचिव डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव ने स्वागत भाषण दिया।


अन्य पोस्ट