कारोबार

लोकतांत्रिक मूल्य, नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच और प्रभावी संवाद सिखाएंगे यंग इंडियंस रायपुर
07-Jul-2026 2:47 PM
लोकतांत्रिक मूल्य, नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच और प्रभावी संवाद सिखाएंगे यंग इंडियंस रायपुर

पार्लियामेंट 2.0 में विभिन्न विद्यालयों से 145 विद्यार्थियों की होगी भागीदारी

रायपुर, 7 जुलाई।  यंग इंडियंस (वाईआई) रायपुर चैप्टर ने बताया कि 8 एवं 9 जुलाई को प्रात: 9 बजे से सायं 4 बजे तक पुराना विधानसभा असेंबली हॉल, रायपुर में दो दिवसीय यंग इंडियन पार्लियामेंट 2.0 कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस अनूठी कार्यशाला में शहर के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 145 छात्र-छात्राएँ भाग लेंगे। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागी यंग विधायक (यंग एमएलए) की भूमिका निभाते हुए देश के समकालीन राष्ट्रीय मुद्दों, विभिन्न मंत्रालयों, नीतियों तथा जनहित से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में संसदीय कार्यवाही की तर्ज पर वाद-विवाद, प्रश्नकाल, स्पीकर का चयन, मुख्यमंत्री एवं राजनीतिक दलों का गठन तथा अंत में एक विधेयक (बिल) पारित करने की संपूर्ण प्रक्रिया का जीवंत मंचन किया जाएगा।

रायपुर चैप्टर ने बताया कि इस मॉक पार्लियामेंट का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समझ विकसित करना, नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच, प्रभावी संवाद कौशल तथा आत्मविश्वास को बढ़ावा देना है। साथ ही विद्यार्थियों को ऐसा सशक्त मंच उपलब्ध कराना है, जहाँ वे देश और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार खुलकर व्यक्त कर सकें और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में अपनी सोच को आगे बढ़ा सकें।

यंग इंडियंस रायपुर का मानना है कि युवाओं के नए और सकारात्मक विचार ही भविष्य के भारत की मजबूत नींव रख सकते हैं। इसी उद्देश्य के साथ यह पहल विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली को व्यावहारिक रूप से समझने तथा जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करेगी।


अन्य पोस्ट