कारोबार

स्पष्ट उचारण, विषयों की गहन समझ, आत्मविश्वास तथा संवेदनशीलता विकसित करने हिन्दी काव्यपाठ, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिता
07-Jul-2026 2:46 PM
स्पष्ट उचारण, विषयों की गहन समझ, आत्मविश्वास तथा संवेदनशीलता विकसित करने हिन्दी काव्यपाठ, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिता

राजकुमार कॉलेज विद्यार्थियों ने दी प्रभावशाली प्रस्तुतियां

रायपुर, 7 जुलाई। राजकुमार कॉलेज, रायपुर ने बताया कि विद्यार्थियों में बोलने की कला, आत्मविश्वास तथा अभिव्यक्ति कौशल के विकास के उद्देश्य से प्रतिवर्ष हिन्दी काव्यपाठ, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है।

प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश सिंह ने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए सभी प्रतिभागियों की सराहना की। प्रतियोगिता को तीन समूहों में विभाजित किया गया, जिसमें समूह स में कक्षा छठवीं से आठवीं, समूह ब में कक्षा नौवीं एवं दसवीं तथा समूह अ में कक्षा ग्यारहवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में स्पष्ट उचारण, विषयों की गहन समझ, आत्मविश्वास तथा संवेदनशीलता का विकास होता है।

राजकुमार कॉलेज ने बताया कि 3 जुलाई एवं 6 जुलाई को दो चरणों में आयोजित इस प्रतियोगिता में कक्षा छठवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। निर्णायक मंडल में वरिष्ठ भाषाविद् डॉ. चित्तरंजन कर, वरिष्ठ पुरातत्वविद् श्री राहुल सिंह तथा वरिष्ठ समाजसेवी श्री विनोद कुमार शेष उपस्थित रहे। वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय था— हम विकास के नाम पर विनाश की ओर बढ़ रहे हैं। इस विषय के पक्ष एवं विपक्ष में कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों ने प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।

विद्यालय के उपप्राचार्य शिवेंद्र नाथ शाहदेव ने प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि समूह स में कक्षा आठवीं के छात्र अनुष जोशी (राणा हाउस) ने काव्यपाठ तथा वरिष्ठा राठौड़ (विक्रम हाउस) ने भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। समूह ब में कक्षा नौवीं की छात्रा अहाना सिंह (राणा हाउस) ने काव्यपाठ तथा कक्षा दसवीं की छात्रा सायशा कौर (राजपूत हाउस) ने भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। समूह अ में कक्षा ग्यारहवीं के छात्र राघव मुंद्रा (राणा हाउस) ने काव्यपाठ में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कहानी समीक्षा प्रतियोगिता में राणा हाउस की छात्रा खनक मुंद्रा प्रथम रहीं। वहीं विक्रम हाउस की छात्रा रतसिफत कौर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए वाद-विवाद प्रतियोगिता में बेस्ट डिबेटर का प्रतिष्ठित श्री देवी सिंह चौहान कप अपने नाम किया।

राजकुमार कॉलेज ने बताया कि समग्र (ओवरऑल) परिणामों में राजपूत हाउस प्रथम, राणा हाउस द्वितीय, आर्य हाउस तृतीय तथा विक्रम हाउस चौथे स्थान पर रहा। श्री राणा बहादुर झालावाड़ कप पर राजपूत हाउस ने कब्जा जमाते हुए प्रतियोगिता का समग्र खिताब अपने नाम किया। इस प्रकार राजकुमार कॉलेज, रायपुर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से निरंतर ऐसे शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय कार्यक्रमों का आयोजन कर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम एवं आत्मविश्वासी बनाने का कार्य कर रहा है।


अन्य पोस्ट