कारोबार

रक्तदान जागरूकता और संवेदनशीलता विकसित करने रोटरी क्लब ने लाया मेगा डोनेशन कार्निवल
06-Jul-2026 2:51 PM
रक्तदान जागरूकता और संवेदनशीलता विकसित करने रोटरी क्लब ने लाया मेगा डोनेशन कार्निवल

डोनेट-सेव-रिपीट तहत 300 यूनिट हुआ एकत्रित

रायपुर, 6 जुलाई। रोटरी ने बताया कि जब चार हाथ मिलकर सेवा का संकल्प लेते हैं, तो उसका असर हजारों जि़ंदगियों तक पहुंचता है। इसका जीवंत उदाहरण आज राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित विमतारा हॉल में देखने को मिला, जहां रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो डिवाज़, रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन, रोटरी क्लब ऑफ रायपुर इन्फिनिटी और इनर व्हील क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन ने संयुक्त रूप से एक भव्य ब्लड डोनेशन कार्निवल का आयोजन किया।

 रोटरी ने बताया कि इस पहल ने रक्तदान को महज एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवता और सेवा के उत्सव का स्वरूप दे दिया। शिविर में दाताओं और स्वयंसेवकों की ओर से भारी प्रतिक्रिया देखी गई और बालको तथा सत्य साई अस्पताल के सहयोग से लगभग 300 यूनिट रक्त सफलतापूर्वक एकत्र किया गया। इसके अतिरिक्त, डीकेएमएस फाउंडेशन ने ब्लड स्टेम सेल पंजीकरण पर एक जागरूकता सत्र आयोजित किया, जिसमें ब्लड कैंसर से पीडि़त मरीजों के लिए स्टेम सेल दान के महत्व पर प्रकाश डाला गया। शिविर के दौरान कुल 96 व्यक्तियों ने संभावित स्टेम सेल दाताओं के रूप में पंजीकरण कराया।

 रोटरी ने बताया कि पूरे आयोजन के दौरान हर धडक़न में सेवा का भाव, हर चेहरे पर मुस्कान और हर कदम किसी अनजान जीवन को बचाने का संकल्प साफ दिखाई दिया। रोटरी परिवार ने एक बार फिर यह साबित किया कि जब नेक इरादे और सामाजिक सरोकार एक मंच पर आते हैं, तो सकारात्मक बदलाव अपने आप शुरू हो जाता है। इस आयोजन का उद्देश्य केवल अधिक से अधिक रक्त एकत्रित करना नहीं था, बल्कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संवेदनशीलता विकसित करना और सहयोग व इंसानियत की भावना को मजबूत करना भी था। यही कारण रहा कि यहां पहुंचने वाला हर व्यक्ति खुद को किसी औपचारिक रक्तदान शिविर में नहीं, बल्कि सेवा के एक जीवंत उत्सव का हिस्सा महसूस कर रहा था।

 रोटरी ने बताया कि ब्लड डोनेशन कार्निवल को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए आयोजकों ने कई विशेष व्यवस्थाएं की थीं। आगंतुकों के लिए वास्तु सलाहकार, टैरो कार्ड रीडर और मैजिशियन को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने लोगों का मनोरंजन करते हुए आयोजन को अलग पहचान दी। वहीं, स्थानीय गायकों की मधुर प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया। संगीत की सुरमयी धुनों ने रक्तदाताओं और आगंतुकों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया और सेवा के इस महाअभियान में खुशियों के रंग भर दिए।


अन्य पोस्ट