कारोबार

छत्तीसगढ़ में मिनीगोल्फ जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन गौरव की बात-इंद्रकुमार साहू
06-Jul-2026 2:44 PM
छत्तीसगढ़ में मिनीगोल्फ जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन गौरव की बात-इंद्रकुमार साहू

छत्तीसगढ़ ने जीता स्वर्ण पदक

रायपुर, 6 जुलाई। मिनिगोल्फ फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देशन तथा मिनिगोल्फ एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में श्री दावड़ा यूनिवर्सिटी, नया रायपुर में 25 से 30 जून तक आयोजित 11वीं मिनीगोल्फ राष्ट्रीय चैंपियनशिप का समापन गरिमामय वातावरण में हुआ।

एसोसिएशन ने बताया कि पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह के मुख्य अतिथि अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दावड़ा यूनिवर्सिटी के सीईओ चिन्मय दावड़ा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में रमेश सिंह ठाकुर (जिलाध्यक्ष भाजपा), प्रशांत सिंह ठाकुर (प्रदेश मंत्री भाजपा किसान मोर्चा), प्रवीण मानवटकर, सूरजसिंह योतिकार, सुरेंद्र चौहान, श्रीराम धर्माधिकारी और राजेश सेन्डेकर मंचासीन थे।

मुख्य अतिथि इंद्र कुमार साहू ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश भी देते हैं। छत्तीसगढ़ में पहली बार मिनीगोल्फ जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने पदक विजेता खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

आयोजन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी हेमंत खुटे ने बताया कि प्रतियोगिता महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में आयोजित की गई। इसमें नॉकआउट, स्ट्रोक एवं स्पीड स्पर्धाओं के अंतर्गत टीम इवेंट, सिंगल, डबल एवं मिक्स डबल इवेंट आयोजित किए गए। प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर खिलाडिय़ों का चयन नवंबर माह में थाईलैंड में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।


अन्य पोस्ट