कारोबार
वाईआई रायपुर और आईटीएम यूनिवर्सिटी की संयुक्त पहल
रायपुर, 4 जुलाई। वाईआई रायपुर के उद्यमिता प्रकोष्ठ एवं आईटीएम यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में उपरवारा गांव की स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं के लिए आयोजित 10 दिवसीय टिफिन सेवा उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सफल महिला उद्यमी बनने के लिए प्रेरित करना था।
वाईआई और आईटीएम ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को आधुनिक एवं बाजार की मांग के अनुरूप विभिन्न प्रकार के व्यंजन बनाना सिखाया गया। इसमें कॉन्टिनेंटल भोजन, चाइनीज़ व्यंजन, आधुनिक भारतीय व्यंजन, हल्के नाश्ते, जलपान, पेय पदार्थ तथा मॉकटेल्स बनाने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। सिर्फ दस दिनों में प्रतिभागियों ने उल्लेखनीय प्रगति दिखाई। महिलाओं ने स्वयं विभिन्न व्यंजन तैयार किए और उन्हें बाजार में बेचकर अपनी उद्यमशीलता की शुरुआत भी की। इस अनुभव से उनमें आत्मविश्वास बढ़ा और उन्हें स्वरोजगार का एक नया मार्ग मिला।
वाईआई और आईटीएम ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद महिलाओं ने स्वयं का टिफिन एवं भोजन सेवा व्यवसाय शुरू करने की उत्सुकता व्यक्त की तथा भविष्य में भी वाईआई रायपुर एवं आईटीएम यूनिवर्सिटी से मार्गदर्शन एवं सहयोग की अपेक्षा जताई। समापन समारोह में पंकज सोमानी, अध्यक्ष, उद्यमिता प्रकोष्ठ, वाईआई रायपुर एवं कविता पसारी, सह-अध्यक्ष ने प्रतिभागियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिला उद्यमियों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।