कारोबार
नया रायपुर, 4 जुलाई। कलिंगा विश्वविद्यालय ने बताया कि वह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने और अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों को पूरा करने में विश्वास रखता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए भारत के महान चिकित्सक डॉ. बिधान चंद्र रॉय के जन्म और निर्वाण दिवस के अवसर पर कलिंगा विश्वविद्यालय द्वारा प्रतिवर्ष 1 जुलाई को चिकित्सक दिवस मनाया जाता है।
कलिंगा ने बताया कि वर्ष 2026 की थीम मुखौटे के पीछे: चिकित्सकों का इलाज कौन करता है? डॉक्टरों के कल्याण और स्वास्थ्य के समर्थन के महत्व पर जोर देती है, क्योंकि वे भी अपने कार्य के दौरान भावनात्मक और शारीरिक चुनौतियों का सामना करते हैं। समाज के प्रति डॉक्टरों द्वारा दी गई समर्पित और अनुकरणीय सेवाओं के लिए आभार और प्रशंसा व्यक्त करने हेतु एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया।
विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए डॉ. ए. विजयानंद (मुख्य अनुशासन अधिकारी), श्री कुलदीप बंजारे (कर्मचारी परिचारक) तथा श्री लीलेश्वर साहू (सहायक, मुख्य अनुशासन अधिकारी कार्यालय) ने व्यक्तिगत रूप से डॉक्टरों से मुलाकात की। उन्होंने मानवता और सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा में डॉक्टरों के अमूल्य योगदान के प्रति विश्वविद्यालय की सच्ची सराहना के प्रतीक स्वरूप उन्हें शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
कलिंगा ने बताया कि कई प्रतिष्ठित डॉक्टरों को सम्मानित किया। इनमें डॉ. मिथिलेश चौधरी – मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, रायपुर, डॉ. संतोष सोनकर – प्राध्यापक एवं अधीक्षक, डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय अस्पताल, डॉ. विजयलक्ष्मी अनंत – खंड चिकित्सा अधिकारी, आरंग, डॉ. सुनील गोनियाल – वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ, एमएमआई नारायणा अस्पताल, डॉ. विधि टेम्भूर्णीकर – चिकित्सा स्नातकोत्तर, शासकीय अस्पताल राखी, डॉ. कमलकांत बाल रोग विशेषज्ञ, शासकीय अस्पताल राखी, डॉ. संदीप दवे शल्य चिकित्सक एवं निदेशक, रामकृष्ण केयर अस्पताल मुख्य रूप से शामिल हैं।