कारोबार
कैट छत्तीसगढ़ ने मुख्य आयकर आयुक्त से की सौजन्य भेंट
रायपुर, 4 जुलाई। व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी तथा शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि व्यापारियों के हितों की रक्षा एवं कर प्रणाली के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा व्यापारियों एवं आयकर विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से कैट ने मुख्य आयकर आयुक्त श्री संजीव (आईआरएस) से सौजन्य भेंट कर विभिन्न व्यापारिक एवं कर संबंधी विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
श्री पारवानी ने बताया कि बैठक के दौरान प्रदेश के व्यापारियों के समक्ष आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों एवं आयकर संबंधी प्रक्रियाओं को सरल बनाने, स्वैच्छिक कर अनुपालन को बढ़ावा देने तथा व्यापारियों में जागरूकता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ। व्यापारियों को समय-समय पर सही जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। कैट सदैव व्यापारियों और शासन-प्रशासन के बीच एक सशक्त सेतु की भूमिका निभाता आया है तथा संवाद और सहयोग के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कैट ने बताया कि मुख्य आयकर आयुक्त श्री संजीव (आईआरएस) ने भी व्यापारिक संगठनों के साथ नियमित संवाद की आवश्यकता पर बल देते हुए बताया कि जागरूकता ही बेहतर कर अनुपालन का सबसे प्रभावी माध्यम है। कैट के साथ संयुक्त रूप से जागरूकता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएँ एवं संवाद सत्र आयोजित करने की सहमति व्यक्त की ताकि व्यापारियों को नवीनतम कर प्रावधानों, प्रक्रियाओं एवं अनुपालन संबंधी आवश्यक जानकारियाँ सरल भाषा में उपलब्ध कराई जा सकें और उनकी व्यावहारिक समस्याओं का समाधान हो सके।