कारोबार

चिकित्सक सिर्फ रोगों का उपचार नहीं करते बल्कि मानवसेवा के हैं सच्चे प्रहरी-गवर्नर
04-Jul-2026 2:59 PM
चिकित्सक सिर्फ रोगों का उपचार नहीं करते बल्कि मानवसेवा के हैं सच्चे प्रहरी-गवर्नर

योगदान प्रेरणादायी, प्रत्येक नागरिक उनके प्रति सम्मान का भाव रखता है-पुरंदर

जेसीआई रायपुर मेडिको सिटी समारोह में डॉक्टरों का सम्मान

रायपुर, 4 जुलाई। जेसीआई रायपुर मेडिको सिटी के अध्यक्ष जेसी डॉ. निखिल मोतिरमानी ने बताया कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर जेसीआई रायपुर मेडिको सिटी (ज़ोन-27) द्वारा भव्य डॉक्टर्स डे सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका मुख्य अतिथि तथा रायपुर उत्तर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले लगभग 100 वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित चिकित्सकों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

राज्यपाल श्री डेका ने बताया कि चिकित्सक केवल रोगों का उपचार करने वाले विशेषज्ञ नहीं, बल्कि मानवता की सेवा के सच्चे प्रहरी हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर अपने ज्ञान, समर्पण, सेवा भावना और संवेदनशीलता से समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी चिकित्सकों को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके अमूल्य योगदान की सराहना की।

विधायक श्री मिश्रा ने बताया कि चिकित्सक हर परिस्थिति में मानव सेवा के लिए समर्पित रहते हैं। उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणादायी है और प्रत्येक नागरिक उनके प्रति सम्मान का भाव रखता है।

डॉ. मोतिरमानी ने बताया कि संस्था समाजहित में लगातार नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, रक्तदान, जनसेवा एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करती रही है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा पहुंचाना है।

सचिव जेसी डॉ. अविनाश तिवारी ने बताया कि जेसीआई रायपुर मेडिको सिटी स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। संस्था समय-समय पर जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराती है तथा समाज के हित में विभिन्न सेवा कार्यों का संचालन करती रहती है।

डॉ. मोतिरमानी ने बताया कि श्री बालाजी मेडिकल कॉलेज एवं ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चेयरमैन डॉ. देवेंद्र नाइक तथा संजीवनी कैंसर केयर एवं ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चेयरमैन डॉ. यूसुफ मेमन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं जेसीआई इंडिया के पूर्व राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं मुख्य मेंटर जेसी सेन. डॉ. मनीष गुप्ता ने चिकित्सकों के नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना पर प्रेरक उद्बोधन दिया। सम्मान समारोह में शहर के वरिष्ठ चिकित्सक, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, जेसीआई पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट