कारोबार
बिलासपुर के बेलसरी निवासी और यूएन में कार्यरत आनंद पांडेय ने की मेजबानी
रायपुर, 1 जुलाई। बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के विधायक अमर अग्रवाल ने न्यूयॉर्क की अपनी निजी यात्रा के दौरान सपरिवार संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय का भ्रमण किया। इस अवसर पर संयुक्त राष्ट्र में Chief, Finance Integration के रूप में कार्यरत आनंद पांडेय ने उनका स्वागत एवं मेज़बानी की। आनंद पांडेय, दुर्गा प्रसाद पांडेय के सुपुत्र हैं और मूल रूप से बेलसरी, छत्तीसगढ़ के निवासी हैं।
श्री पांडेय ने बताया कि छत्तीसगढ़ से जुड़े होने के कारण यह अवसर विशेष रूप से आत्मीय और गौरवपूर्ण रहा। भ्रमण के दौरान अमर अग्रवाल ने संयुक्त राष्ट्र महासभा, सुरक्षा परिषद तथा संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन किया। उन्हें संयुक्त राष्ट्र की कार्यप्रणाली, वैश्विक शांति, अंतरराष्ट्रीय सहयोग, सतत विकास लक्ष्यों तथा सदस्य देशों की भूमिका से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। अग्रवाल ने भारत द्वारा संयुक्त राष्ट्र को भेंट किए गए कोणार्क मंदिर के सूर्य देव की प्रतिमा का भी अवलोकन किया।
श्री पांडेय ने बताया कि इस प्रतिमा के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व के साथ-साथ भारत की समृद्ध सभ्यता, कला और विरासत के वैश्विक प्रतिनिधित्व पर भी चर्चा हुई। अमर अग्रवाल ने संयुक्त राष्ट्र परिसर में स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा के दर्शन किए और वहां श्रद्धा व्यक्त की। इस अवसर पर अमर अग्रवाल ने संयुक्त राष्ट्र में कार्यरत छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से जुड़े कुछ संयुक्त राष्ट्र कर्मचारियों से भी आत्मीय भेंट एवं संवाद किया।
श्री पांडेय ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र में भारतीय मूल के कर्मचारियों के योगदान, भारत की वैश्विक भूमिका तथा छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से जुड़े लोगों की उपलब्धियों पर चर्चा हुई। श्री अमर अग्रवाल जी की यह यात्रा भारतीय समुदाय, विशेषकर छत्तीसगढ़ से जुड़े लोगों के लिए गर्व का विषय रही। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में उनका सपरिवार आगमन और विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन एक स्मरणीय अवसर के रूप में देखा गया।