कारोबार
अपील प्रक्रिया और ड्राफ्टिंग विषय
रायपुर, 24 जून। रायपुर जीएसटी बार एसोसिएशन ने बताया कि जीएसटी अपीलीय ट्रिब्यूनल में अपील की प्रक्रिया एवं ड्राफ्टिंग विषय पर एक महत्वपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता युवा चार्टर्ड अकाउंटेंट सीए आदित्य सिंघानिया थे।
एसोसिएशन ने बताया कि विशेष उल्लेखनीय तथ्य यह रहा कि मात्र 22 वर्ष की आयु में सीए आदित्य सिंघानिया ने रायपुर जीएसटी बार एसोसिएशन जैसे प्रतिष्ठित संगठन के मंच से अपना प्रथम व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने जीएसटी अपीलीय ट्रिब्यूनल में अपील प्रस्तुत करने की संपूर्ण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, समय-सीमाओं, ड्राफ्टिंग की बारीकियों तथा विभिन्न व्यावहारिक एवं तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी अत्यंत सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रदान की।
एसोसिएशन ने बताया कि उन्होंने विशेष रूप से सदस्यों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया कि जीएसटी अपीलीय ट्रिब्यूनल के समक्ष लंबित द्वितीय अपीलों के लिए आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 30 जून है, अत: पात्र करदाता एवं कर-व्यवसायी समय-सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए आवश्यक कार्यवाही समय पर पूर्ण करें। पूछे गए प्रश्नों एवं व्यावहारिक समस्याओं का समाधान भी किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपाध्यक्ष भाविक शाह ने की। उन्होंने युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की एसोसिएशन की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए कहा कि सीए आदित्य सिंघानिया द्वारा विषय का गहन अध्ययन एवं प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण सभी सदस्यों के लिए अत्यंत लाभदायक एवं प्रेरणादायक रहा।