कारोबार

सिंगल यूज प्लास्टिक इस्तेमाल न करने पर्यावरण संरक्षण मंडल ने किया आग्रह
18-Jun-2026 2:40 PM
सिंगल यूज प्लास्टिक इस्तेमाल न करने पर्यावरण संरक्षण मंडल ने किया आग्रह

रायपुर, 18 जून। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के मंडल मुख्यालय के क्षेत्रीय अधिकारी प्रकाश कुमार रबड़े ने बताया कि मंडल के  निर्देशानुसार तथा उनके मार्गदर्शन में एकल उपयोग प्लास्टिक के बहिष्कार एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत विभिन्न संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

श्री रबड़े ने बताया कि शंकरनगर विद्या स्कूल, आकाशवाणी तथा दूरदर्शन केंद्र में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एकल उपयोग प्लास्टिक का उपयोग न करने की शपथ दिलाई गई। उन्हें जूट के थैले भेंट कर प्लास्टिक थैलों एवं प्लास्टिक की झिल्लियों के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा इनके उपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया गया। सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं प्लास्टिक का उपयोग न करें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। अधिक से अधिक जनसमुदाय तक इस संदेश को पहुँचाकर पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया गया।

श्री रबड़े ने बताया कि मंडल की मुख्य रसायनज्ञ नीलिमा सोनकर, चंद्रिका कंवर तथा वैज्ञानिक नंदिता बनाफर सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण हेतु सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।


अन्य पोस्ट