कारोबार
कैट छत्तीसगढ़ ने जीएसटी कार्यशाला में दिया मार्गदर्शन
रायपुर, 18 जून। व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी तथा शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि एक महत्वपूर्ण जीएसटी जागरूकता एवं अनुपालन कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कैट ने बताया कि कार्यशाला में बड़ी संख्या में व्यापारियों, उद्यमियों, करदाताओं, परिवहन व्यवसायियों एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर जीएसटी कानून, विभागीय जांच, नोटिस, समन, लेखा परीक्षण, फर्जी आईटीसी तथा व्यापारियों के कानूनी अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
श्री पारवानी ने बताया कि वर्तमान समय में व्यापारियों के लिए कानून की जानकारी उतनी ही आवश्यक है जितनी व्यवसाय की जानकारी। बदलते कर कानूनों, डिजिटल अनुपालन एवं विभागीय प्रक्रियाओं के दौर में जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। कैट केवल व्यापारियों की समस्याओं को शासन एवं प्रशासन के समक्ष रखने का कार्य ही नहीं करता, बल्कि उन्हें कानूनी रूप से सशक्त एवं जागरूक बनाने का भी निरंतर प्रयास करता है।
सीए जितेन्द्र सिंह खनूजा ने बताया कि जीएसटी विभाग की किसी भी वैधानिक कार्रवाई से व्यापारियों को भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। कानून की सही जानकारी, समय पर अनुपालन एवं आवश्यक दस्तावेजों के उचित रखरखाव से अधिकांश विवादों से बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में जीएसटी से जुड़े अधिकांश विवाद जीएसटीआर-2बी एवं जीएसटीआर-3बी के असंगति से उत्पन्न होते हैं, इसलिए व्यापारियों को इनका नियमित मिलान करना चाहिए।