कारोबार
यह यात्रा प्रदेश की खेल संस्कृति और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक-मंत्री गुरू खुशवंत साहेब
रायपुर, 15 जून। यूनियन क्लब के अध्यक्ष गुरूचरण सिंह होरा ने बताया कि क्लब में मेगा समर कैंप-2026 और छत्तीसगढ़ टेनिस प्रीमियर लीग (सीटीपीएल) के समापन के साथ क्लब में समर कैंप के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती समारोह केक काटकर मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, अभिभावक और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
श्री होरा ने बताया कि समर कैंप में बच्चों को स्विमिंग, बैडमिंटन, टेनिस, टेबल टेनिस और बिलियर्ड्स का प्रशिक्षण दिया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सांसद बृजमोहन अग्रवाल, तकनिकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय समेत अन्य अतिथियों के हाथों टॉफी, प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सीटीपीएल का भी शानदार समापन हुआ जिसमें विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई।
सांसद अग्रवाल ने बताया कि यूनियन क्लब कई वर्षों से खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का भी महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। वहीं 25 वर्षों से लगातार समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे समर कैंप बच्चों को सकारात्मक दिशा देते हैं और उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से निकलने वाले खिलाड़ी भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। श्री होरा के प्रयासों से यूनियन क्लब में खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल रहा है।
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने बताया कि यूनियन क्लब में समर कैंप की यह गौरवशाली यात्रा प्रदेश की खेल संस्कृति और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। आज बच्चों को मोबाइल और आभासी दुनिया से बाहर निकालकर खेल मैदानों से जोडऩा समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। खेल बच्चों में संघर्ष करने की क्षमता, टीम भावना और जीवन मूल्यों का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी लगातार खेलों को बढ़ावा देने प्रयास कर रही है। उन्होंने विजेता खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उन्हें उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
श्री होरा ने बताया कि पिछले कई वर्षों से यूनियन क्लब में हजारों बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का कार्य कर रहा है। हर वर्ष समर कैंप में लगभग 1500 बच्चों को प्रशिक्षण देकर खेलों के साथ संस्कार और जीवन मूल्यों की शिक्षा भी दी जाती है। यहां से प्रशिक्षित बच्चों ने कई राष्ट्रिय और अंतराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा के दम पर प्रदेश का नाम रौशन किया है। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों को क्लब के अध्यक्ष, सचिव समेत अन्य पदाधिकारियों ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।


