कारोबार
सरकार-सीआईआई इन्वेस्टर कनेक्ट में 95 सौ करोड़ के एमओयू
रायपुर, 15 जून। सीआईआई छत्तीसगढ़ के चेयरमैन एवं बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड के निदेशक बजरंग गोयल, सीआईआई छत्तीसगढ़ के वाइस चेयरमैन एवं अविनाश ग्रुप के प्रबंध निदेशक आनंद सिंघानिया, सीआईआई छत्तीसगढ़ के पूर्व चेयरमैन एवं आरएसवी एक्सिम प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संजय जैन ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन एवं सीआईआई के संयुक्त तत्वावधान में हैदराबाद में आयोजित छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगपतियों एवं निवेशकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
सीआईआई ने बताया कि इस इन्वेस्टर कनेक्ट का नेतृत्व मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। उन्होंने राज्य की प्रगतिशील औद्योगिक नीतियों, निवेश-अनुकूल वातावरण तथा उभरते व्यावसायिक अवसरों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को राज्य नेतृत्व के साथ प्रत्यक्ष संवाद का अवसर प्रदान किया तथा छत्तीसगढ़ के दीर्घकालिक विकास दृष्टिकोण के अनुरूप सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि पिछले एक से डेढ़ वर्ष के दौरान राज्य में लगभग 8 लाख करोड़ के निवेश संबंधी समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। वहीं हैदराबाद इन्वेस्टर कनेक्ट के दौरान 6 से 7 कंपनियों द्वारा लगभग 9,500 करोड़ के एमओयू किए गए, जिनसे राज्य में लगभग 7,500 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। यह उपलब्धि राज्य सरकार की औद्योगिक विकास, निवेश आकर्षित करने तथा रोजगार सृजन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
सीआईआई ने बताया कि इस आयोजन के दौरान आईटी, स्वास्थ्य सेवा, पर्यटन तथा फूड प्रोसेसिंग जैसे प्रमुख क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाएं सामने आईं, जिससे छत्तीसगढ़ की औद्योगिक एवं आर्थिक क्षमता के प्रति निवेशकों का बढ़ता विश्वास परिलक्षित हुआ। कार्यक्रम ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ को निवेश के लिए एक आकर्षक और भरोसेमंद गंतव्य के रूप में स्थापित किया। कार्यक्रम में सहित उद्योग जगत के अनेक वरिष्ठ प्रतिनिधि एवं सीआईआई परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।


