कारोबार

संगठनों के साथ मजबूत समन्वय वाले व्यापारी संवाद अभियान को व्यापक समर्थन-पारवानी
14-Jun-2026 4:15 PM
संगठनों के साथ मजबूत समन्वय वाले व्यापारी संवाद अभियान को व्यापक समर्थन-पारवानी

  श्री राम बिजनेस जोन व्यापारी संघ से मिला कैट प्रतिनिधिमंडल  

रायपुर, 14 जून। व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी,  विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी तथा शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि व्यापारियों की समस्याओं को समझने, उनके सुझावों को संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल करने तथा व्यापारिक संगठनों के साथ मजबूत समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से कैट व्यापारी संवाद अभियान को व्यापार जगत से व्यापक समर्थन मिल रहा है।

श्री पारवानी ने बताया कि इसी कड़ी में आज डूमरतराई स्थित श्री राम बिजनेस जोन व्यापारी संघ के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों ने खुलकर अपने विचार रखे तथा बाजार, कर व्यवस्था, ई-कॉमर्स से बढ़ती प्रतिस्पर्धा, व्यापारिक सुरक्षा, व्यापार विस्तार एवं संगठनात्मक मजबूती जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। केट के पदाधिकारियों ने सभी सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें संगठन की आगामी कार्ययोजना में शामिल करने का आश्वासन दिया।

श्री पारवानी ने बताया कि आज व्यापार केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि देश की आर्थिक प्रगति का मजबूत आधार है। ऐसे समय में व्यापारियों की आवाज को संगठित करना और उनकी समस्याओं को समाधान तक पहुंचाना केट की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उद्देश्य केवल बैठक करना नहीं, बल्कि व्यापारियों के बीच जाकर विश्वास, सहयोग और समाधान का मजबूत वातावरण तैयार करना है। जब व्यापारिक संगठन एकजुट होकर कार्य करते हैं, तब व्यापारियों की समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी ढंग से संभव होता है।


अन्य पोस्ट