कारोबार

आभार मित्रों का आयोजन में देश-विदेश से सदस्य पहुंचे
09-Jun-2026 2:28 PM
आभार मित्रों का आयोजन में देश-विदेश से सदस्य पहुंचे

रोटरी की सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत-तन्खा

सहभागिता, सेवा, नेतृत्व और उपलब्धियों का मनाया उत्सव

रायपुर, 9 जून। रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3261 के डिस्ट्रिक्ट मीडिया चेयरमैन रोटे नितिन जैन ने प्रांतपाल रोटे अमित पल्लवी जायसवाल के नेतृत्व एवं रोटरी क्लब धमतरी के तत्वावधान में आयोजित भव्य एवं गरिमामय सम्मान समारोह आभार मित्रों का रविवार को रायपुर में हर्षोल्लास और गरिमा के साथ संपन्न हुआ।  समारोह में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में रोटेरियनों ने सहभागिता कर सेवा, नेतृत्व और उपलब्धियों का उत्सव मनाया।

श्री जैन ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर वासुदेव गोलियान (नेपाल) तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रांतपाल एवं राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा रहे। अतिथियों ने रोटरी द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, जल संरक्षण, पर्यावरण एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए सेवा कार्यों को समाज परिवर्तन का सशक्त माध्यम बताया।

मुख्य अतिथि वासुदेव गोलियान ने बताया कि भारत के रोटरी सदस्य शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से रोटरी वर्ष 2025-26 में प्रांतपाल अमित जायसवाल के नेतृत्व में डिस्ट्रिक्ट 3261 द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा करते हुए बताया कि यह डिस्ट्रिक्ट आज भारत के तीन जोनों के 28 डिस्ट्रिक्ट्स में अग्रणी 10 डिस्ट्रिक्ट्स में स्थान प्राप्त कर चुका है।

 विशिष्ट अतिथि विवेक कृष्ण तन्खा ने जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए सभी क्लब अध्यक्षों, सचिवों एवं डिस्ट्रिक्ट टीम को बधाई देते हुए बताया कि रोटरी की सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। समारोह का शुभारंभ मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों तथा पूर्व प्रांतपालों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

विदेश एवं अन्य क्षेत्रों से आए अतिथियों का स्वागत रोटे अंकिता तिवारी एवं शिल्पी चौधरी द्वारा प्रस्तुत आकर्षक स्वागत नृत्य से किया गया, जिसकी सभी ने सराहना की। प्रांतपाल अमित जायसवाल ने सभी आमंत्रित अतिथियों एवं रोटरी पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए पूरे वर्ष सेवा कार्यों में सहयोग देने वाले सभी क्लबों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।  रोटरी के सात प्रमुख सेवा क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले क्लबों, अध्यक्षों, सचिवों एवं डिस्ट्रिक्ट पदाधिकारियों को कुल 367 अवार्ड प्रदान किए गए।


अन्य पोस्ट