कारोबार
जिन रिफ्लेक्सोलॉजी के प्रवर्तक जे. आर. अनिल जैन ने किया जागरूक
रायपुर, 6 जून। श्री सुधर्म जैन संघ रायपुर ने बताया कि हेल्थ अवेयरनेस एंड लाइफ चेंजिंग सेमिनार का भव्य एवं सफल आयोजन श्री सुधर्म जैन विहार भवन, पचपेड़ी नाका स्थित परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिकों, समाजजनों, महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश ग्रहण किया।
संघ ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति सजगता बढ़ाना, प्राकृतिक एवं सरल जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा लोगों को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित करना था। संगोष्ठी में मुख्य वक्ता एवं जिन रिफ्लेक्सोलॉजी के प्रवर्तक श्री जे. आर. अनिल जैन ने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में स्वास्थ्य संरक्षण, प्राकृतिक चिकित्सा, जीवनशैली प्रबंधन तथा जिन रिफ्लेक्सोलॉजी के विभिन्न आयामों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
श्री जैन ने बताया कि आपका स्वस्थ जीवन हमारी प्राथमिकता है। वर्तमान समय में अधिकांश रोगों का मूल कारण तनावपूर्ण जीवनशैली, असंतुलित दिनचर्या एवं स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही है। यदि व्यक्ति अपने शरीर के संकेतों को समझे, नियमित दिनचर्या अपनाए तथा प्राकृतिक स्वास्थ्य पद्धतियों का सहारा ले तो अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने जिन रिफ्लेक्सोलॉजी की वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित जनसमुदाय को स्वास्थ्य संवर्धन के अनेक सरल उपाय बताए। संगोष्ठी के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका समाधान विशेषज्ञों द्वारा सरल एवं व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत किया गया।
श्री जैन ने कार्यक्रम में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, आत्मानुशासन तथा सकारात्मक सोच को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया। उपस्थित जनों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।
ताराचंद टाटिया, प्रेमचंद जैन, कमल बोहरा, उत्तम गोलछा, संजय गोलछा, अजय जैन, उमेश जैन, धनंजय सांखला, अनिल टाटिया, शारदा बोथरा, श्रीकांता देलाडिय़ा, दीप्ति जैन, शिखा बोहरा, विनय गोलछा, प्रवीण मालू सहित लगभग 150 सदस्यों ने अपनी उपस्थिति एवं सक्रिय भूमिका निभाई।


