कारोबार
रायपुर, 2 जून। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मण्डल के सदस्य सचिव राजु अगसिमनि ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस पर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मण्डल द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 5 जून, को प्रात: 10बजे से होटल बेबिलॉन इंटरनेशनल, व्ही.आई.पी. रोड, रायपुर में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है।
श्री अगसिमनि ने बताया कि इस प्रतियोगिता का विषय रखा गया है ’’प्रकृति से प्रेरित होकर जलवायु और भविष्य का संरक्षण करें’’ पोस्टर प्रतियोगिता चार आयु वर्ग में रखी गई है प्रथम वर्ग 12 वर्ष तक, द्वितीय वर्ग 13 से 17 वर्ष, तृतीय वर्ग 18 से 21 वर्ष एवं चतुर्थ वर्ग दिव्यांग जन का होगा। प्रतियोगिता में प्रतियोगियों को आकर्षक नगद पुरस्कार दिए जाएंगे। पुरस्कार चारों आयु वर्ग में पृथक-पृथक दिये जायेंगे। प्रथम पुरस्कार रू. 5000/-, द्वितीय पुरस्कार रू. 4000/-, तृतीय पुरस्कार रू. 3000/- एवं दो सांत्वना पुरस्कार रू 1000/- दिए जाएंगे।
श्री अगसिमनि ने बताया कि यू.एन.ई.पी. द्वारा इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम क्लाइमेट एक्शन रखी गयी है। मण्डल द्वारा पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित करने का उद्देश्य युवाओं एवं आम नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन तथा सतत् विकास के प्रति जागरूकता का प्रसार करना है।
श्री अगसिमनि ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को अपना पहचान पत्र एवं आयु प्रमाण-पत्र की छायाप्रति साथ लानी होंगी। रजिस्टेऊशन प्रतियोगिता स्थल पर किया जायेगा। रजिस्ट्रेशन हेतु प्रतिभागियों को प्रात: 9:30 बजे उपस्थित होना अनिवार्य है। विजेताओं को दिनांक 5 जून, 2026 विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बेबिलॉन इंटरनेशनल, व्ही.आई.पी. रोड, रायपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम संगोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण समारोह में दिया जाएगा।
श्री अगसिमनि ने बताया कि मण्डल ने सभी विद्यार्थियों एवं दिव्यांगजनों से इस प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग ले कर पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुॅचाने का आग्रह किया है।


