कारोबार

छत्तीसगढ़ और कनाडा के बीच व्यापार, व्यवसाय नेटवर्किंग, निवेश अवसरों और आर्थिक संबंधों को मजबूती देने एमओयू
28-May-2026 2:32 PM
छत्तीसगढ़ और कनाडा के बीच व्यापार, व्यवसाय नेटवर्किंग, निवेश अवसरों और आर्थिक संबंधों को मजबूती देने एमओयू

नाचा का कनाडाई चैप्टर और छत्तीसगढ़ चेंबर

टोरंटो, कनाडा, 28 मई। नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (नाचा) के कनाडा अध्यक्ष और कार्यकारी उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने बताया कि  भारत के मंत्री पीयूष गोयल की टोरंटो यात्रा के दौरान, कनाडा में भारत के सबसे बड़े व्यापारिक और वाणिज्यिक प्रतिनिधिमंडलों की उपस्थिति में, वैश्विक मंच पर छत्तीसगढ़ के व्यापारिक समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई।

श्री अग्रवाल ने बताया कि कनाडा भर के नाचा सदस्यों की ओर से छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (सीसीसीआई) के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी का स्वागत किया। एक ऐतिहासिक घटनाक्रम में, नाचा ने टोरंटो में सीसीसीआई और कनाडा के दो प्रमुख व्यापारिक संगठनों — इंडो-कनाडा चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईसीसीसी) और कनाडा हिंदू चैंबर ऑफ कॉमर्स (सीएचसीसी) के बीच समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर कराए।

श्री अग्रवाल ने बताया कि कनाडा में हिंदू व्यापार समुदाय की अभिव्यक्ति, प्रतिनिधित्व और उन्नति के लिए एक मजबूत मंच के रूप में कार्य करने के लिए समर्पित है। हिंदुओं ने लंबे समय से कनाडाई अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, और सीएचसीसी समुदाय के भीतर उद्यमिता, सहयोग और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रहा है। यह पहल कनाडा में भारत के उच्चायुक्त दिनेश के. पटनायक,  महावाणिज्य दूत महावीर सिंघवी और भारत के महावाणिज्य दूतावास (टोरंटो, कनाडा) उप-महावाणिज्य दूत कपिध्वज सिंह के मार्गदर्शन और सहयोग से पूरी की गई।

श्री अग्रवाल ने बताया कि इन साझेदारियों से छत्तीसगढ़ और कनाडा के बीच व्यापार, व्यवसाय नेटवर्किंग, निवेश के अवसरों और आर्थिक संबंधों को मजबूती मिलने की उम्मीद है, जिससे दोनों क्षेत्रों के उद्यमियों और उद्योगों के लिए नए रास्ते खुलेंगे। प्रशांत श्रीवास्तव (अध्यक्ष, आईसीसी)ने बताया कि द्विपक्षीय व्यापार, नवाचार और व्यापारिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सीसीसीआई के साथ सहयोग करके बेहद प्रसन्न है।

श्री थौरानी ने बताया कि यह साझेदारी छत्तीसगढ़ के व्यवसायों के लिए वैश्विक अवसरों का विस्तार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हम कनाडाई उद्योग जगत के नेताओं और संस्थानों के साथ और अधिक मजबूत सहयोग की उम्मीद करते हैं।


अन्य पोस्ट