कारोबार
जनहित फाउंडेशन की पहल
रायपुर, 26 मई। जनहित फाउंडेशन ने बताया कि सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनहित को समर्पित एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक विभाग को एक विशेष डिजिटल ट्रैफिक ई-रिक्शा डिस्प्ले सिस्टम पूर्णत: नि:शुल्क उपलब्ध कराया गया।
फाउंडेशन ने बताया कि इस अभियान डिजिटल पहल का शुभारंभ पुलिस ऑफिसर डॉ. संजीव शुक्ला आईपीएस द्वारा किया गया। कार्यक्रम में ट्रैफिक विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण रोहित वाम पांडे, डॉ. अर्चना झा, प्रशांत शुक्ला एवं सतीश ठाकुर उपस्थित रहे। साथ ही पुलिस प्रशासन प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनहित फाउंडेशन के अध्यक्ष अक्षय सोनी सहित संस्था के सदस्य उपस्थित रहे। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म सडक़ सुरक्षा, यातायात नियमों के प्रति जागरूकता तथा नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
फाउंडेशन ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा इस पहल को आधुनिक तकनीक एवं सामाजिक सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया गया। प्रशासन एवं सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं नागरिकों में यातायात अनुशासन विकसित करने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।


