कारोबार

नाचा नॉर्डिक चैप्टर ने समृद्ध छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति से प्रधानमंत्री मोदी का किया स्वागत
24-May-2026 5:24 PM
नाचा नॉर्डिक चैप्टर ने समृद्ध छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति से प्रधानमंत्री मोदी का किया स्वागत

  प्रदेश के मूल निवासी अभिनव और चारु  

ओस्लो/नॉर्वे, 24 मई। नार्थ अमरीका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष गणेश कर ने बताया कि  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नॉर्वे दौरे के दौरान भारतीय समुदाय में उत्साह का माहौल देखने को मिला।  इस अवसर पर नाचा नॉर्डिक चैप्टर ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करते हुए प्रधानमंत्री का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया।

श्री कर ने बताया कि कार्यक्रम में बच्चों ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा धारण कर जय जोहार कहकर प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन किया। यह दृश्य वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा और सभी ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति की इस प्रस्तुति की सराहना की।

श्री कर ने बताया कि इस सांस्कृतिक प्रस्तुति में अभिनव कुमार पांडेय (10 वर्ष), मूल निवासी बिलासपुर, तथा चारु पांडेय (14 वर्ष), मूल निवासी भिलाई शामिल रहे। अभिनव ने पारंपरिक धोती-कुर्ता, पीले गमछे और सांस्कृतिक साफा पहनकर छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा को दर्शाया। वहीं चारु ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी शैली की साड़ी, जनजातीय आभूषण और पारंपरिक श्रृंगार के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक गरिमा को प्रस्तुत किया।

नाचा नॉर्डिक चैप्टर के सदस्यों ने बताया कि संस्था लगातार विदेशों में छत्तीसगढ़ी संस्कृति, भाषा और परंपराओं को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। नॉर्वे में प्रधानमंत्री मोदी जी के स्वागत के दौरान जय जोहार के साथ की गई यह प्रस्तुति छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने का एक विशेष प्रयास था। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि विदेश में रहकर भी नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोडऩा बेहद महत्वपूर्ण है। बच्चों की इस प्रस्तुति ने न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे भारतीय समुदाय को गौरवान्वित किया।


अन्य पोस्ट