कारोबार
प्रदेश के व्यापार-उद्योग पर पारवानी ने रखे सुझाव
रायपुर, 22 मई। व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी तथा शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि श्री पारवानी ने नई दिल्ली में भारत सरकार के केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से सौजन्य मुलाकात की।
कैट ने बताया कि मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों की अपार संभावनाओं, कृषि एवं वन उत्पादों के मूल्य संवर्धन, किसानों को आधुनिक प्रोसेसिंग एवं बाजार व्यवस्था से जोडऩे, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन तथा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई।
श्री पारवानी ने मंत्री को अवगत कराया कि छत्तीसगढ़ कृषि, वन उत्पाद, मिलेट्स, मसाले, फल एवं पारंपरिक खाद्य उत्पादों की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध राज्य है। यदि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को योजनाबद्ध रूप से बढ़ावा दिया जाए तो प्रदेश में बड़े स्तर पर निवेश, उद्योग विस्तार एवं युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर उत्पन्न हो सकते हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को बढ़ावा देने हेतु भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा करते हुए हरसंभव सहयोग एवं मार्गदर्शन का आश्वासन दिया।
श्री पारवानी ने बताया कि मंत्री का सकारात्मक दृष्टिकोण एवं मार्गदर्शन निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को नई गति प्रदान करेगा तथा किसानों, लघु उद्योगों एवं स्थानीय उद्यमियों को इसका व्यापक लाभ मिलेगा।


