कारोबार

व्यापारी, एमएसएमई, स्टार्टअप्स एवं उद्यमी साथ 1 ट्रिलियन डॉलर निर्यात प्राप्त कर सकते हैं-गोयल
21-May-2026 3:13 PM
व्यापारी, एमएसएमई, स्टार्टअप्स एवं उद्यमी साथ 1 ट्रिलियन डॉलर निर्यात प्राप्त कर सकते हैं-गोयल

 केन्द्रीय मंत्री ने की कैट भारतीय व्यापार महोत्सव वेबसाइट शुरू 

रायपुर, 21 मई। व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी,  विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी तथा शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने आज भारत मंडपम, प्रगति मैदान में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भारतीय व्यापार महोत्सव  की आधिकारिक वेबसाइट का लॉन्च किया। भारतीय व्यापार महोत्सव का संयुक्त आयोजन आईटीपीओ एवं कैट द्वारा आगामी 12 से 15 अगस्त तक भारत मंडपम में किया जाएगा।

 

श्री गोयल ने बताया कि आज भारत वैश्विक बाजार में एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है और देश का व्यापार तेजी से प्रगति कर रहा है।  यदि व्यापारी, उद्योग जगत, एमएसएमई, स्टार्टअप्स एवं उद्यमी मिलकर कार्य करें तो भारत 1 ट्रिलियन डॉलर निर्यात के लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकता है। भारत कौशल, ज्ञान और प्रतिभा से परिपूर्ण देश है। यदि हम अपने उत्पादों की गुणवत्ता को और बेहतर बनाएं तो दुनिया भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देगी तथा विदेशी बाजारों पर निर्भरता स्वत: कम हो जाएगी। उन्होंने भारतीय व्यापार महोत्सव को भारतीय व्यापार समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि यह मंच भारत को वैश्विक बाजार में सम्मानजनक एवं सशक्त पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

श्री पारवानी ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता एवं वैश्विक आर्थिक नेतृत्व की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव को देश की वैश्विक छवि निर्माण के एक बड़े अवसर के रूप में लिया जाना चाहिए, जिससे भारत की पहचान केवल उपभोक्ता बाजार के रूप में नहीं, बल्कि विनिर्माण एवं निर्यात आधारित अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित हो सके। भारतीय व्यापार महोत्सव केवल एक एक्सपो नहीं, बल्कि देश के व्यापारियों, एमएसएमई, महिला उद्यमियों, स्टार्टअप्स, कारीगरों एवं निर्माताओं को सशक्त बनाने का राष्ट्रीय मिशन है।


अन्य पोस्ट