कारोबार
रायपुर क्षेत्र के 70 उद्यमियों की सघन भागीदारी
रायपुर, 18 मई। सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने बताया कि सारे भारत में एमएसएमई ऋण आउटरीच कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इसी तारतम्य में बैंक द्वारा आज रायपुर में छ.ग. चेंबर्स ऑफ कामर्स के सभागार में एमएसएमई ऋण आउटरीच कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
बैंक ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य उद्यमियों को हमारे बैंक की एमएसएमई ऋण के नये प्रोडक्ट की जानकारी देना तथा उद्यमियों को एमएसएमई ऋण वितरित करना है। इस कार्यक्रम में लगभग 70 उद्यमियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम में उपस्थित एमएसएमई उद्यमियों को एमएसएमई प्रोडक्ट से संबंधित जानकारी के साथ ही संबंधित समस्याओं के फीडबैक लेकर अपने प्रोडक्ट व प्रक्रिया में यथासंभव सुधार करने का आश्वासन दिया गया।
बैंक ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री एम. एस. पैकरा, मुख्य महाप्रबंधक - जिला व्यापार व उद्योग केंद्र, मे. कारटेल लाईफ साईस प्रा.लि. के डायरेक्टर श्री उत्कर्ष भवसिंका तथा सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया के मुम्बई मुख्यालय से पधारे महाप्रबंधक श्री शशिधर के. शामिल थे। पूरा कार्यक्रम रायपुर अंचल के अंचल प्रमुख श्री राकेश भूतडा के नेतृत्व में तथा रायपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख श्री प्रफुल्ल बंसल के समन्वय में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में रायपुर क्षेत्र के मुख्य प्रबंधकगण श्री संजय सिन्हा एवं श्री पवन कुमार भी उपस्थित थे।
बैंक ने बताया कि आज रायपुर क्षेत्र में आयोजित एमएसएमई ऋण कार्यक्रम में कुल 50 हितग्राहियों को लगभग 132 करोड के एमएसएमई ऋणों की स्वीकृति दी गई। कार्यक्रम का समापन श्री सुनीत राणा, सहायक महाप्रबंधक, अंचल - रायपुर के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


