कारोबार
भारतीय व्यापार महोत्सव पर कैट की उद्योग मंत्री से चर्चा
रायपुर, 17 मई। व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेंद्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, अध्यक्ष परमानंद जैन, महामंत्री सुरिंदर सिंह, कोषाध्यक्ष अजय अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र जग्गी, राम मंधान, वासु मखीजा, भरत जैन, राकेश ओचवानी तथा शंकर बजाज ने बताया कि 12 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाले देश के सबसे बड़े व्यापार मेले भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 के संबंध में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन से सौजन्य मुलाकात कर महोत्सव की रूपरेखा, प्रदेश की औद्योगिक सहभागिता एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र की संभावनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।
कैट ने बताया कि छत्तीसगढ़ के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र, नवाचार आधारित उद्योगों, स्थानीय उद्योगों, हस्तशिल्प, इस्पात एवं एल्युमिनियम आधारित उद्योगों, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों एवं वोकल फॉर लोकलउत्पादों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने पर सकारात्मक चर्चा हुई।
श्री देवांगन ने सराहना करते हुए बताया कि इस प्रकार के आयोजन प्रदेश के उद्योग, व्यापार एवं स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने महोत्सव में छत्तीसगढ़ की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करने तथा प्रदेश के उद्योगों एवं उद्यमियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।


