कारोबार
100+ व्यापारी और उद्यमियों की सहभागिता
रायपुर, 17 मई। युवा कैट प्रदेश अध्यक्ष कान्ति पटेल, प्रदेश महामंत्री रतनदीप सिंह एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष भरत भूषण गुप्ता ने बताया कि युवा कैट द्वारा एक भव्य एवं प्रभावशाली बिजनेस मीट का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 100 से अधिक प्रमुख व्यापारी, उद्यमी एवं विभिन्न क्षेत्रों के व्यवसायियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों के बीच नेटवर्किंग को बढ़ावा देना, नए व्यापारिक अवसरों की खोज करना एवं आपसी सहयोग को मजबूत करना रहा।
जॉफ फूड्स के प्रबंध निदेशक एवं युवा उद्यमी आकाश अग्रवाल ने बताया कि आज के समय में व्यापार की प्रगति के लिए मजबूत नेटवर्किंग और सही मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। युवा कैट द्वारा आयोजित यह बिजनेस मीट व्यापारियों को एक ऐसा मंच प्रदान करता है, जहां वे नए संपर्क स्थापित करने के साथ-साथ अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने हेतु प्रभावी समाधान भी प्राप्त कर सकते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से व्यापारियों को नई सोच, नए अवसर और बेहतर व्यावसायिक सहयोग मिलता है।
युवा कैट ने यह भी बताया कि हम लगातार व्यापारियों को एकजुट कर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। इस प्रकार के बिजनेस मीट न केवल आपसी तालमेल और विश्वास को मजबूत करते हैं, बल्कि नए व्यापारिक अवसरों के द्वार भी खोलते हैं। आज के बदलते व्यापारिक परिवेश में ऐसे मंच अत्यंत आवश्यक हैं, जहां व्यापारी एक-दूसरे के अनुभवों से सीख सकें और अपने व्यवसाय को नई दिशा दे सकें। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक व्यापारी इस मंच के माध्यम से अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के साथ-साथ एक मजबूत एवं विश्वसनीय व्यापारिक नेटवर्क का हिस्सा बने।


