कारोबार
जैन प्रदेशाध्यक्ष, सिंह महामंत्री और पटेल कोषाध्यक्ष
रायपुर, 8 मई। कैट छत्तीसगढ़ ने छत्तीसगढ़ में संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश नेतृत्व की नई टीम की घोषणा की है।
कैट ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व की अनुशंसा एवं प्रदेश कोर कमेटी की सर्वसम्मति से हुई बैठक में वरिष्ठ व्यापारी नेता श्री परमानंद जैन को प्रदेश अध्यक्ष, युवा व्यापारी नेता श्री अवनीत सिंह को प्रदेश महामंत्री तथा श्री विजय पटेल को प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, इसके साथ ही श्री राजेंद्र खटवानी को प्रदेश कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
श्री पारवानी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बी.सी. भरतिया, राष्ट्रीय महामंत्री श्री प्रवीण खंडेलवाल, राष्ट्रीय चेयरमेन श्री बृजमोहन अग्रवाल एवं राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन श्री अमर पारवानी की अनुशंसा पर यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
कैट ने बताया कि कैट छत्तीसगढ़ अब प्रदेश के प्रत्येक जिले, तहसील एवं स्थानीय व्यापारिक संगठनों तक मजबूत संगठनात्मक संरचना तैयार करने की दिशा में कार्य करेगा। नई टीम व्यापारियों के हितों की रक्षा, व्यापार के अनुकूल नीतियों के निर्माण, ई-कॉमर्स एवं विदेशी कंपनियों की अनुचित व्यापारिक गतिविधियों के खिलाफ संघर्ष, तथा छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को सशक्त बनाने, वोकल फॉर लोकल के उद्देश्य से व्यापक अभियान चलाएगी।
कैट ने बताया कि वर्तमान समय में व्यापारिक जगत अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में एक मजबूत, संगठित एवं सक्रिय व्यापारी संगठन की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई है। नई टीम अनुभव एवं युवा नेतृत्व के संयोजन के साथ प्रदेशभर के 12 लाख व्यापारियों के उत्थान एवं प्रगति के लिए जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने का कार्य करेगी।
कैट ने बताया कि छत्तीसगढ़ में कैट लगातार मजबूत हो रहा है और आने वाले समय में संगठन प्रदेश के प्रत्येक व्यापारी की आवाज बनकर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि नई टीम व्यापारियों के मुद्दों को स्थानीय स्तर से राष्ट्रीय मंच तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


