कारोबार

ट्रैफिक जाम और पार्किंग की अव्यवस्थाओं का चेंबर ने पुलिस संग तेलीबांधा में लिया जायजा
02-May-2026 3:03 PM
ट्रैफिक जाम और पार्किंग की अव्यवस्थाओं का चेंबर ने पुलिस संग तेलीबांधा में लिया जायजा

व्यापारियों हेतु यातायात होगा सुव्यवस्थित-थौरानी

रायपुर, 2 मई। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के प्रदेशाध्यक्ष सतीश थौरानी ने बताया कि तेलीबांधा क्षेत्र के व्यापारियों की लंबे समय से चली आ रही यातायात समस्याओं के निराकरण हेतु उनके नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान यातायात पुलिस और नगर निगम के आला अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने जमीनी स्तर पर ट्रैफिक जाम और पार्किंग की अव्यवस्थाओं का जायजा लिया।

श्री थौरानी ने बताया कि विदित हो कि तेलीबांधा रायपुर का एक प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है। बढ़ते यातायात और अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर वहां पर लाइट पोल के अंदर गाडिय़ां पार्क करना सुनिश्चित किया गया। साथ ही टेऊफिक जाम को कम करने एवं यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिये रोड के लेफ्ट टर्न को हमेशा खाली रखा जाये।

श्री थौरानी ने बताया कि हमने अधिकारियों को सुझाव दिए हैं कि सडक़ों से अतिक्रमण हटाया जाए। प्रशासन के सहयोग से हम जल्द ही यहाँ एक आदर्श यातायात व्यवस्था लागू करेंगे ताकि ग्राहकों को दुकान तक पहुँचने में कोई बाधा न हो और व्यापार फल-फूल सके। निरीक्षण के दौरान कालीबाड़ी यातायात थाना के एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला एवं एसीपी सतीश ठाकुर ने ट्रैफिक सिग्नल की टाइमिंग, वन-वे की संभावनाओं और अवैध पार्किंग पर चर्चा की। नगर निगम के अभियंताओं ने फुटपाथ और ड्रेनेज के पास की बाधाओं को हटाने हेतु कार्ययोजना बनाने की बात कही।

 


अन्य पोस्ट