कारोबार
चार शिक्षिकाओं को दी भावभिनी विदाई
रायपुर, 2 मई। ज्ञान गंगा एजेुकेशनल एकेडमी की अध्यक्षा मंजू शांडिल्य ने बताया कि किसी भी संस्थान की सफलता उसके कर्तव्यनिष्ठ और निरंतर उस संस्थान से जुड़े हुए कर्मचारियों पर निर्भर होती है। कर्मचारी अपनी संपूर्ण उर्जा और शक्ति का संचय करके उस संस्थान को आगे बढ़ाता है। ज्ञान गंगा एजुकेशनल एकेडमी, रायपुर में ऐसे एक नहीं चार शिक्षिकाओं ने लगातार 30 वर्षों तक इस संस्थान को अपनी मेहनत और लगन से पल्लवित व पुष्पित किया है।
अध्यक्षा ने बताया कि उनकी सेवा और कर्तव्य निष्ठा को सम्मान देने हेतु विद्यालय सभागार में एक भव्य समारोह में विदाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस समारोह में सभी शिक्षक - शिक्षिकाओं की गरिमापूर्ण उपस्थिति ने इस समारोह को एक यादगार पल के रूप में सहेजने का मौका प्रदान किया। कार्यक्रम का आरंभ विद्यालय की अध्यक्षामंजू शांडिल्य के द्वारा दीप प्रज्जवलन से प्रारंभ हुआ उसके बाद विद्यालय से सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों का स्वागत किया गया।
अध्यक्षा ने बताया कि विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती प्रतिमा राजगोर जी ने जब इन शिक्षिकाओं के योगदान, समर्पण और दायित्व निर्वहन की जानकारी प्रदान की तो प्रत्येक उपस्थित शिक्षकगणों ने न केवल उनके अनुभव और सेवा से ज्ञान प्राप्त किया अपितु सभी ने उनकी सेवा भावना और शिक्षा के प्रति समर्पण को जानकर उनकी निष्ठा से मंत्रमुग्ध हो गए। अनेक शिक्षकों द्वारा गायन संगीत और संस्मरण जैसे अनेक प्रकार की प्रस्तुति दी गई। श्रीमती रीमा बक्शी, श्रीमति नीलम विजरा, श्रीमति कनीज सिद्दकी, श्रीमति शोभा श्रीनिवास को साड़ी तथा चांदी की मूर्ति भेंट देकर सम्मानित किया गया।


