कारोबार

अदाणी ग्रुप के नए 3-लेयर मॉडल से निर्णय लेने की प्रक्रिया होगी तेज, दिनों से घटकर घंटों में होंगे फैसले: गौतम अदाणी
01-May-2026 3:50 PM
अदाणी ग्रुप के नए 3-लेयर मॉडल से निर्णय लेने की प्रक्रिया होगी तेज, दिनों से घटकर घंटों में होंगे फैसले: गौतम अदाणी

 अहमदाबाद, 1 मई । अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने शुक्रवार को कहा कि अदाणी समूह अपने सभी व्यवसायों में फैसले लेने की प्रक्रिया को तेज करने और क्रियान्वयन को बढ़ावा देने के लिए 3-लेयर (तीन-स्तरीय) संगठन मॉडल अपनाएगा। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस (इंटरनेशनल लेबर डे) के मौके पर कर्मचारियों को संबोधित करते हुए गौतम अदाणी ने संगठन में बड़े बदलाव की घोषणा की, जिसका उद्देश्य कंपनी की संरचना को सरल बनाना, साझेदारी मजबूत करना और कर्मचारियों की क्षमता को बढ़ाना है। उन्होंने इसे भारत के विकास के बड़े लक्ष्य से भी जोड़ा। अदाणी ग्रुप के चेयरमैन ने कहा, "यह तीन-लेयर मॉडल इस तरह बनाया गया है कि अनावश्यक देरी खत्म हो और जिम्मेदारियां साफ हों।" उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि जो फैसले अभी तीन दिन में होते हैं, वे अब सिर्फ तीन घंटे में हो जाएं।" उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे कंपनियां बड़ी होती हैं, फैसले लेने में समय ज्यादा लगने लगता है, इसलिए यह बदलाव जरूरी है।

उनके मुताबिक, संगठन में स्तर (लेयर्स) कम करने से काम की गति बढ़ेगी, जिम्मेदारी तय होगी और कुल मिलाकर कामकाज ज्यादा बेहतर होगा। गौतम अदाणी ने बताया कि बड़ी कंपनियों में कई स्तर की मंजूरी होने के कारण फैसले लेने में देरी होती है, जिसे अब यह नया मॉडल खत्म करेगा। इसके साथ ही उन्होंने एक नया 'पार्टनरशिप मॉडल' भी पेश किया, जिससे ठेकेदारों और सप्लायर्स के साथ काम करना आसान होगा। उन्होंने कहा, "कई प्रोजेक्ट साइट्स पर 100 से ज्यादा ठेकेदार एक साथ काम करते हैं, जिससे तालमेल मुश्किल हो जाता है और समय ज्यादा लगता है।" नए मॉडल में कम लेकिन भरोसेमंद पार्टनर्स के साथ काम किया जाएगा, जो पूरे प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी संभालेंगे। इससे काम तेजी से होगा और देरी कम होगी। उन्होंने कहा, "यह नया तरीका प्रोजेक्ट्स को तेजी से पूरा करने और देरी कम करने में मदद करेगा।" इसके अलावा, अदाणी ग्रुप के चेयरमैन ने यह भी बताया कि कंपनी इस साल अपने कारोबार के विस्तार के तहत 2 लाख करोड़ रुपए के नए एसेट्स जोड़ेगी। उन्होंने कहा कि अदाणी ग्रुप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुसार, भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में अपना योगदान देने का प्रयास करेगा। --(आईएएनएस)


अन्य पोस्ट