कारोबार
चेंबर और उद्योग संचालनालय की कार्यशाला
रायपुर, 28 अप्रैल। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेशाध्यक्ष सतीश थौरानी ने बताया कि चेंबर एवं उद्योग संचालनालय, छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निर्यात जागरूकता और प्रोत्साहन योजनाएं कार्यशाला होटल किंग्सवे में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्थानीय व्यापारियों और लघु उद्यमियों को निर्यात की बारीकियों से अवगत कराना और उन्हें वैश्विक व्यापार मंच पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित करना था।
श्री थौरानी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के तस्वीर पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। छत्तीसगढ़ के उत्पादों में वैश्विक बाजार पर छा जाने की अपार क्षमता है और चेम्बर व्यापारियों को हर कदम पर सहयोग देने के लिए तैयार है। आज का यह दिन छत्तीसगढ़ के व्यापारिक इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा। हम अक्सर सोचते हैं कि निर्यात केवल बड़े महानगरों या बड़े घरानों का काम है, लेकिन भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के आशीर्वाद से आज हम इस धारणा को बदलने आए हैं।
श्री थौरानी ने बताया कि हमारे प्रदेश के छोटे से छोटे उद्यमी का उत्पाद भी सात समंदर पार अपनी पहचान बनाए। श्री जागेश्वर जी और डॉ. राहुल जी आज हमें वे रास्ते दिखाएंगे जिनसे हम वैश्विक बाजार की चुनौतियों को अवसरों में बदल सकेंगे। हमारा लक्ष्य केवल व्यापार करना नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के उत्पादों को दुनिया के कोने-कोने तक पहुँचाना है। जब हमारे स्थानीय उत्पादों की अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच बढ़ेगी, तो इससे न केवल व्यापार बढ़ेगा बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। यह राजस्व में वृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगा, जिससे हम विकसित भारत की तर्ज पर विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को सिद्ध कर सकेंगे।


