कारोबार
सरकार और व्यापारियों के बीच बढ़ेगा विश्वास-छत्तीसगढ़ चेंबर
रायपुर, 24 अप्रैल। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज अध्यक्ष सतीश थौरानी के मार्गदर्शन में चेम्बर प्रतिनिधिमंडल, केंद्रीय राजस्व भवन, सिविल लाइंस स्थित मुख्य आयकर आयुक्त कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रमुख रूप से शामिल हुआ।
श्री थौरानी ने बताया किचेम्बर कार्यकारी अध्यक्ष राधा किशन सुन्दरानी ने लोकसभा सांसद रूप कुमारी चौधरी के उपस्थिति में के. देवरत्न कुमार मुख्य आयकर आयुक्त एवं ऋतुपर्ण नामदेव अतिरिक्त आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश के व्यापारिक संगठनों की ओर से आयकर प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाने हेतु महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
श्री सुन्दरानी ने बताया कि विभाग और करदाताओं के बीच प्रवर्तन से अधिक सुविधा की नीति अपनाई जानी चाहिए। व्यापारिक संगठनों के बीच नियमित संवाद के लिए एक तंत्र विकसित किया जाए और आरडीटेक की बैठकों को त्रैमासिक आधार पर आयोजित किया जाए। नोटिस की जटिलता को कम करने और छोटे व मध्यम करदाताओं के लिए सिम्प्लीफाइड कम्प्लायंस फ्रेमवर्क लागू करने की मांग की गई।
श्री सुंदरानी ने बताया कि साथ ही, केवल रिस्क-आधारित स्क्रूटनी को ही प्राथमिकता देने का सुझाव दिया गया। फेसलेस स्कीम के तहत व्यापारियों को वर्चुअल हीयरिंग (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) का प्रभावी अधिकार देने और सरल भाषा में क्वेरी जारी करने का आग्रह किया गया है।
श्री सुंदरानी ने बताया कि प्रदेश के एमएसएमई सेक्टर को ध्यान में रखते हुए टियर-2 और टियर-3 शहरों में टैक्स अवेयरनेस प्रोग्राम चलाने और छोटे व्यापारियों के लिए कम्प्लायंस सपोर्ट सेंटर खोलने संबंधी सुझाव दिए। छोटे मामलों में मुकदमेबाजी कम करने के लिए थ्रेशोल्ड लिमिट बढ़ाने और मानवीय भूलों को सुधारने हेतु पेनल्टी-फ्री करेक्शन विंडो प्रदान करने की बात कही गई ।


