कारोबार
राजकुमार कॉलेज की मेजबानी और शानदार प्रदर्शन
रायपुर, 23 अप्रैल। राजकुमार कॉलेज के उप-प्राचार्य शिवेन्द्र नाथ शाह देव ने बताया कि कॉलेज को यह घोषणा करते हुए प्रसन्नता है कि सीआईएससीई छत्तीसगढ़ जोनल खेल एवं क्रीड़ा 2026 का सफल समापन हुआ, जो 11 से 17 अप्रैल 2026 तक विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। यह सप्ताह भर चलने वाला आयोजन खेल उत्कृष्टता, आपसी सौहार्द और खेल भावना का एक उत्कृष्ट मंच साबित हुआ।
श्री देव ने बताया कि क्षेत्र के आठ विद्यालयों से लगभग 1,370 छात्र-छात्राओं—जिनमें 1,035 बालक और 335 बालिकाएँ शामिल थीं—ने भाग लिया। 22 समर्पित प्रशिक्षकों एवं प्रबंधकों के मार्गदर्शन में खिलाडिय़ों ने 10 विभिन्न खेल विधाओं और आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। मेजबान संस्था के रूप में राजकुमार कॉलेज के खिलाडिय़ों ने अपने घरेलू मैदान पर प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
श्री देव ने बताया कि 401 छात्र-छात्राओं (287 बालक और 114 बालिकाएँ) के दल का प्रतिनिधित्व करते हुए कॉलेज ने कुल 457 पदक हासिल किए। इस उपलब्धि में 316 स्वर्ण पदक (213 बालक एवं 103 बालिकाएँ), 123 रजत पदक (72 बालक एवं 51 बालिकाएँ) तथा 18 कांस्य पदक (9 बालक एवं 9 बालिकाएँ) शामिल हैं, जो विद्यार्थियों की मेहनत और प्रशिक्षण का प्रमाण है।
श्री देव ने बताया कि राजकुमार कॉलेज ने एथलेटिक्स, बैडमिंटन, तैराकी, क्रिकेट, बास्केटबॉल, फुटबॉल और वॉलीबॉल सहित कई प्रमुख खेलों में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्गों में चैंपियन बनकर उत्कृष्टता प्राप्त की। इसके अलावा, विद्यार्थियों ने सभी आयु वर्गों में स्केटिंग में उपविजेता स्थान प्राप्त किया, साथ ही अंडर-19 बालक बास्केटबॉल, अंडर-19 बालिका वॉलीबॉल तथा अंडर-14 बालक फुटबॉल में भी उपविजेता रहे। प्रतियोगिता का एक महत्वपूर्ण आकर्षण फुटबॉल टीमों का प्रदर्शन रहा।


