कारोबार
डॉ. जैन और होरा को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करूंगा-गुरुचरण
रायपुर/नई दिल्ली, 11 अप्रैल। छत्तीसगढ़ स्टेट टेनिस एसोसिएशन के रूपेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि ऑल इंडिया टेनिस फेडरेशन (एटीएफ) ने वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न समितियों में नई नियुक्तियों की घोषणा की है। फेडरेशन की ओर से जारी पत्र के अनुसार, एआईटीए अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन और छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा समेत कई अनुभवी और प्रतिष्ठित व्यक्तियों को अलग-अलग समितियों में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
श्री चौहाने ने बताया कि जारी सूची के मुताबिक, वित्त समिति में डॉ. अनिल जैन को अध्यक्ष की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं जूनियर एवं कोच विकास समिति के अध्यक्ष सुनील यजमान, विपणन एवं प्रायोजन समिति के अध्यक्ष प्रशांत सुतार और टूर्नामेंट एवं निर्णायक समिति के अध्यक्ष अनील महाजन को शामिल किया गया है। वहीं, वरिष्ठ, व्हीलचेयर एवं बीच टेनिस समिति में छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा को अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
श्री चौहाने ने बताया कि इसके अलावा एडवांटेज ऑल समिति की अध्यक्ष शालिनी ठाकुर चावला को नियुक्त किया गया है। फेडरेशन ने अपने पत्र में विश्वास जताया है कि इन नियुक्तियों से देश में टेनिस के विकास और विस्तार को नई गति मिलेगी। साथ ही उम्मीद व्यक्त की गई है कि सभी सदस्य अपने अनुभव और नेतृत्व से खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
श्री होरा ने बताया कि यह मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात है। मैं ऑल इंडिया टेनिस फेडरेशन का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझ पर विश्वास जताया। विशेष रूप से अनिल धूपर जी का आभारी हूं, जिनके नेतृत्व में काम करने का अवसर मिल रहा है। मैं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ टेनिस के विकास, खासकर वरिष्ठ, व्हीलचेयर और बीच टेनिस को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करूंगा।
श्री होरा ने बताया कि उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल है। छत्तीसगढ़ राज्य टेनिस संघ के अध्यक्ष हिमांशु द्विवेदी, उपाध्यक्ष नरेश चन्द्र गुप्ता, अवतार सिंह जुनेजा, सुशील बलानी, रूपेंद्र चौहान, वरिष्ठ टेनिस प्रशिक्षक राजेश मिश्रा, नचिकेता अर्जुन कुमार, चरणजीत ओबेरॉय, प्रदीप मथानी, सुनील सुराणा, पाली कलश, अवतार सिंह जुनेजा एवं अन्य ने उनके उज्जवल कार्यकाल की कामना की।